बालाकोट में एयरस्ट्राइक को कबूल कर बड़े संकट में फंस जाएगा पाकिस्तान- मोदी
Recommended Video

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा है कि पाकिस्तान इसलिए बालाकोट में भारत की ओर से एयरस्ट्राइक की बात नकार रहा है, क्योंकि इससे उसकी दुविधा बढ़ जाएगी और वह संकट में फंस जाएगा। मोदी के मुताबिक पाकिस्तान द्वारा यह स्वीकरना, उसका ये कबूलनामा होगा कि उसकी जमीन पर आतंकी कैंप सक्रिय हैं। पीएम मोदी ने नई दिल्ली में 'मैं भी चौकीदार' के नाम से आयोजित एक कार्यक्रम में ये बातें कही हैं।

मोदी ने कहा कि, "पाकिस्तान गहरे संकट में है। अगर वह ये कहता है कि बालाकोट में कुछ हुआ था, तो इसका मतलब ये स्वीकारना होगा कि वहां पर आतंकी कैंप सक्रिय थे। वह दुनिया से लगातार कहता रहा है कि उसकी जमीन से ऐसा कुछ भी नहीं होता। हमने ऐसी जगह पर हमला किया है, जिसे वह कभी भी छिपा नहीं सकता।"
उन्होंने कहा कि "हम 40 वर्षों से आतंकवाद झेल रहे हैं। वे आए और मुंबई एवं उरी में हत्याओं को अंजाम दिया। हम जानते हैं कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है? तब मैंने फैसला किया कि ये जहां से कंट्रोल होता है, खेल वहीं खेला जाएगा।"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि "डेढ़ महीने बाद भी उन्होंने (पाकिस्तान) किसी को वहां जाने की इजाजत नहीं दी है। कुछ लोग हमें बता रहे हैं कि वे उस इलाके का पुनर्निमाण कर रहे हैं। वे (पाकिस्तान) कह रहे हैं कि वहां एक स्कूल चल रहा है, ताकि दुनिया को कह सकें कि वहां पर आतंकी कैंप कभी था ही नहीं।" मोदी ने कहा कि जिस जगह को निशाना बनाया गया है उससे साबित होता है कि वहां पर आतंकी कैंप सक्रिय था।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को ये परेशानी नहीं है कि एयरस्ट्राइक में कितने मारे गए, लेकिन उसे परेशानी इस बात से है कि आंतकी कैंप होने का ठप्पा न लग जाए। मोदी ने ये भी कहा कि बालाकोट स्ट्राइक उन्होंने ने नहीं, बल्कि जवानों ने किया, जिसके लिए वो उन्हें सलाम करते हैं। अलबत्ता वो इसका फैसला इसलिए ले पाए क्योंकि, उन्हें अपने सुरक्षा बलों पर पूरा यकीन है। उन्हें उनकी क्षमता, अनुशासन और उनके सामर्थ्य पर पूरा भरोसा है।












Click it and Unblock the Notifications