Mann Ki Baat: भारतीय नववर्ष से लेकर योग दिवस तक, PM मोदी ने मन की बात में क्या-क्या कहा? पढ़ें 5 बड़ी बातें
Mann Ki Baat (PM Narendra Modi): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (30 मार्च) को 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम के 120वें संस्करण को संबोधित किया। यह इस साल पीएम मोदी का तीसरा 'मन की बात' कार्यक्रम है। पीएम मोदी ने शुरुआत में कहा, ''आज का दिन बहुत पावन है, जो मुझे आपसे बात करने का मौका मिला है। आज चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि है। आज से चैत्र नवरात्रि शुरू हो रही है। इसी दिन से भारतीय नववर्ष भी शुरू हो रहा है। इसी दिन विक्रम संवत 2082 की भी शुरुआत हो रही है। 13 से 15 अप्रैल के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में त्योहारों की जबरदस्त धूम दिखेगी। यानी ये पूरा महीना त्योहारों का है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''युवा साथियों, मैं आज आपसे MY-Bharat के उस खास कैलेंडर की भी चर्चा करना चाहूंगा, जिसे इस समर वेकेशन के लिए तैयार किया गया है... मैं इस कैलेंडर से कुछ अनूठे प्रयासों को साझा करना चाहता हूं। MY-Bharat के study tour में आप ये जान सकते हैं कि हमारे 'जन औषधि केंद्र' कैसे काम करते हैं। आप वाइब्रेंट विलेज अभियान का हिस्सा बनकर सीमावर्ती गांवों में एक अनोखा अनुभव ले सकते हैं।''

PM मोदी के मन की बड़ी बातें...?
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''योग दिवस में अब 100 दिन से भी कम समय रह गया है। अगर आपने अपने जीवन में अब तक योग को शामिल नहीं किया है तो अब जरूर कर लीजिए अभी देर नहीं हुई है। 10 साल पहले 21 जून 2015 को पहला अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था। अब तो इस दिन ने योग के एक विराट महोत्सव का रूप ले लिया है। साल 2025 के योग दिवस की थीम रखी गई है, 'Yoga for One Earth One Health' यानि हम योग के जरिए पूरे विश्व को स्वस्थ बनाने की कामना करते हैं।''
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''बारिश की बूंदों को संरक्षित करके हम बहुत सारा पानी बर्बाद होने से बचा सकते हैं। पिछले कुछ सालों में इस अभियान के तहत देश के कई हिस्सों में जल संरक्षण के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। मैं आपको एक दिलचस्प आंकड़ा देता हूं। पिछले 7-8 साल में नए बने 'टैंक, तालाब और अन्य जल पुनर्भरण संरचना से 11 बिलियन घन मीटर उससे भी ज्यादा पानी का संरक्षण हुआ है।''
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''दिल्ली में एक भव्य आयोजन ने लोगों को बहुत प्रेरणा दी है, जोश से भर दिया है। एक इनोवेटिव आइडिया के रूप में पहली बार Fit India Carnival का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों के करीब 25 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। इन सभी का एक ही लक्ष्य था फिट रहना और फिटनेस को लेकर जागरूकता फैलाना।''
🔴 पीएम मोदी ने कहा, ''भारत दुनिया का तीसरा ऐसा देश है, जहां सबसे ज्यादा टेक्सटाइल वेस्ट निकलता है। यानि चुनौती हमारे सामने भी बहुत बड़ी है। लेकिन मुझे खुशी है कि हमारे देश में इस चुनौती से निपटने के लिए कई सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। कई भारतीय स्टार्टअप ने टेक्सटाइल रिकवरी पर काम शुरू किया है। कई ऐसी टीमें हैं, जो कचरा बीनने वाले हमारे भाई-बहनों के सशक्तिकरण के लिए भी काम कर रही हैं।''












Click it and Unblock the Notifications