PM Kisan Samman Nidhi Yojana पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी, छोटे किसानों के लिए क्यों जरूरी है यह योजना?
PM Modi On PM Kisan Samman Nidhi Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 फरवरी को राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि योजना को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच प्रधानमंत्री ने जहां इस योजना की जरूरत और उपलब्धियों को गिनाया, वहीं कांग्रेस पर छोटे किसानों की अनदेखी का आरोप भी लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के छोटे और सीमांत किसानों को लंबे समय तक नजरंदाज किया गया। कांग्रेस की नीतियां कुछ बड़े किसानों और प्रभावशाली वर्ग तक सीमित रहीं, जबकि करोड़ों छोटे किसान सहायता से वंचित रहे।

छोटे किसानों के लिए क्यों जरूरी है PM Kisan Yojana?
प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस ने किसानों के साथ भी विश्वासघात किया। छोटे किसानों को उन्होंने कभी प्राथमिकता नहीं दी। उन्हें लगता था कि कुछ बड़े खिलाड़ियों से बात कर लेने से किसानों का काम हो जाएगा। मेरा दिल छोटे किसानों के लिए दुखी होता है।
उन्होंने बताया कि देश में अधिकांश किसान छोटे और सीमांत हैं, जिनकी आमदनी सीमित है और जो खेती के लिए मौसम, बाजार और लागत पर निर्भर रहते हैं। ऐसे किसानों को समय पर आर्थिक मदद मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे बीज, खाद और अन्य जरूरतों को पूरा कर सकें। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की।
What is PM Kisan Samman Nidhi Yojana: पीएम किसान सम्मान निधि योजना क्या है?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना का मकसद किसानों को बिना किसी बिचौलिए के सीधा लाभ पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने बहुत कम समय में करीब चार लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए हैं। यह पैसा सीधे किसानों के खाते में गया है, न कोई कटौती, न कोई बिचौलिया। यही हमारी सरकार की पहचान है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को सिर्फ आश्वासन मिले, लेकिन जमीन पर बदलाव नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया और योजनाओं का फायदा आम किसानों तक नहीं पहुंच पाया।
किसानों के आत्मसम्मान से जुड़ी योजना
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि यह किसानों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हुई है। यह योजना किसानों को यह भरोसा देती है कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं को समझती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आने वाले समय में किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ किया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना छोटे किसानों के लिए एक जरूरी और प्रभावी कदम है। कांग्रेस पर छोटे किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने चार लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में पहुंचाकर यह साबित किया है कि किसान कल्याण उनकी प्राथमिकता है।












Click it and Unblock the Notifications