PM Kisan Samman Nidhi: एक दिन का इंतजार और आ जाएंगे पीएम किसान के पैसे, किन लोगों को नहीं मिलेंगे 2000?
PM Kisan Samman Nidhi Yojana: देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बार फिर बड़ी राहत की तैयारी है। नवंबर का महीना खेती-बाड़ी के लिए अहम माना जाता है और इसी बीच पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी होने जा रही है। सरकार के मुताबिक 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बटन दबाकर किसानों के खाते में 2000 रुपये की रकम भेजेंगे।
इस किस्त के बाद सरकार किसानों के खातों में अब तक 3 लाख 70 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा रकम सीधी भेज चुकी होगी। हालांकि खुशी के इस मौके पर कुछ किसान लाभ से वंचित भी रह सकते हैं, क्योंकि कई लोगों की e-KYC, जमीन रिकॉर्ड या बैंक लिंकिंग अधूरी है। अगर आपने अभी तक ये औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं, तो कुछ ही दिन बचे हैं, वरना आपके खाते में इस बार पैसा नहीं आएगा।

योजना क्या है?
पीएम किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की योजना है, जो फरवरी 2019 से शुरू की गई थी। इसके तहत हर पात्र किसान परिवार को साल में 6000 रुपये मिलते हैं, जो 3 किस्तों में 2000-2000 रुपये भेजे जाते हैं। अब तक 11 करोड़ से ज्यादा किसानों को 20 किस्तों से फायदा मिल चुका है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan: बिहार में NDA की बंपर जीत के बाद किसानों के लिए बड़ा ऐलान, इस दिन खाते में आएंगे पीएम किसान के पैसे
किसे मिलेगा पैसा?
योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता है:
- जिनकी जमीन का रिकॉर्ड PM-KISAN पोर्टल पर दर्ज है
- जिनका बैंक खाता आधार से लिंक है
- जिनकी e-KYC पूरी है
- अगर इनमें से कोई भी काम अधूरा है, तो 21वीं किस्त रुक सकती है।
जरूरी काम तुरंत पूरा करें
अगर आपकी e-KYC पूरी नहीं है, भू-अभिलेख अपडेट नहीं है या बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो तुरंत यह काम पूरा करें। वरना 19 नवंबर को जारी होने वाली 2000 रुपये की किस्त नहीं मिलेगी।
कुछ राज्यों में जैसे उत्तर प्रदेश में, फार्मर रजिस्ट्री भी जरूरी कर दी गई है। ऐसे किसान अगली किस्त पाने से पहले यह रजिस्ट्रेशन जरूर करा लें।
फार्मर रजिस्ट्री क्या है?
यह सरकार की नई व्यवस्था है, जिसमें किसानों का साफ और अपडेटेड रिकॉर्ड रखा जा रहा है। इससे किसानों को बार-बार कागज देने की जरूरत नहीं होगी और योजनाओं का लाभ सीधे उनके खाते में भेजा जाएगा।
डिजिटल सिस्टम से क्या फायदे मिले?
सरकार ने पूरी योजना को डिजिटल बना दिया है। किसान आसानी से:
- OTP, बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन से e-KYC कर सकते हैं
- PM-KISAN ऐप से स्टेटस चेक कर सकते हैं
- IPPB से घर बैठकर बैंकिंग कर सकते हैं
इन सुधारों की वजह से बिचौलियों की जरूरत खत्म हो गई है।
Kisan-eMitra चैटबॉट क्या करता है?
सरकार ने किसानों के लिए AI आधारित Kisan-eMitra चैटबॉट शुरू किया है।
- 11 भाषाओं में उपलब्ध
- आवाज़ पहचान कर जवाब देता है
- किसान पेमेंट स्टेटस और आवेदन जानकारी तुरंत पा सकते हैं
- पुरुष या महिला आवाज में जवाब चुन सकते हैं
- चैटबॉट की वेबसाइट: kisanemitra.gov.in
योजना का असर क्या हुआ?
एक अंतरराष्ट्रीय संस्थान की रिपोर्ट में पाया गया कि:
- पीएम किसान योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा मिला
- किसानों की आर्थिक दिक्कतें कम हुईं
- खेती में निवेश बढ़ा
- किसान अब जोखिम वाले लेकिन फायदेमंद फैसले ले पा रहे हैं
कई किसान यह पैसा खेती के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई जैसे जरूरी खर्चों में भी इस्तेमाल कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications