राहुल गांधी और सलमान खान को गोली मारने वाले को 50 लाख रुपए का इनाम!
नई दिल्ली। फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल हो रही है जिसमें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की सुपारी दी जा रही है। सुपारी देने वाले व्यक्ति ने पोस्ट में लिखा है कि जो भी इन्हें मारेगा, उसे वह शख्स 50 लाख रुपए का इनाम देगा। जैसे ही फेसबुक की यह वायरल पोस्ट पुलिस की नजर में आई है, वैसे ही पूरा प्रशासन चौकन्ना हो गया है।

जिस शख्स ने यह घोषणा की है उसका नाम अरविंद सिंह चट्टान है और वह वाराणसी के इंद्रपुर का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार अरविंद को रौनक एवं जागरुक समाज संस्था का अध्यक्ष बताया जा रहा है। अरविंद की फेसबुक वॉल पर दो पोस्ट हैं, जिनमें से एक में सलमान खान को जान से मारने के लिए 50 लाख रुपए का इनाम दिए जाने की बात कही गई है।
वहीं दूसरी पोस्ट में अरविंद ने लिखा है कि राहुल गांधी को मारने की सुपारी दे रहा हूं, कौन है जो गोली मार सके, संपर्क करे। इतना ही नहीं, अपनी एक पोस्ट में अरविंद ने इस्लाम धर्म को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी भी की है।
अरविंद की पोस्ट में लिखा है- 'राहुल गांधी को मारने वाले को सोपाडी दे रहा हु कौन हे जो गोली मार सके संपर्क करो...।' फेसबुक वॉल पर एक और पोस्ट शेयर की गई कि 'सलमान खान को गोली मारने वाले को पचास लाख का इनाम मेरी तरफ से...।'
अरविंद की फेसबुक प्रोफाइल की जांच करने से पता चला है कि वह अन्ना आंदोलनन से जुड़ा एक पूर्व पदयात्री है और शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी भी रह चुका है। फिलहाल पुलिस अरविंद के बारे में अधिक से अधिक जानकारी जुटा कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है।












Click it and Unblock the Notifications