Menstrual leave: इस कंपनी में अब मिलेगी पीरियड्स की छुट्टी, जानिए देश में कहां-कहां मिलता है मेंस्ट्रुअल लीव
Menstrual leave: भारत की मल्टीनेशनल कंपनी लार्सन एंड टूब्रो (L&T) ने महिला दिवस के पहले अपने कंपनी में काम करने वाली महिलाओं को बड़ी खुशखबरी दी है। लार्सन एंड टूब्रो के के चेयरमैन एस एन सुब्रमण्यम घोषणा की है कि L&T समूह की महिला कर्मचारियों को अब महीने में एक दिन पीरियड्स लीव यानी मासिक धर्म अवकाश दिया जाएगा।
लार्सन एंड टूब्रो कंपनी पीरियड्स लीव देने पेशकश करने वाली उद्योग जगत की पहली कंपनियों में से एक बन गई है। इस कंपनी के लगभग 60,000 कर्मचारियों में महिला कर्मचारी 9 फीसदी हैं। यानी L&T में फिलहाल कुल 5,000 महिलाएं काम करती हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक L&T के चेयरमैन एस एन सुब्रमण्यम ने महिला दिवस से एक दिन पहले यानी 7 मार्च को मुंबई के पवई ऑफिस में 350 महिला कर्मचारियों के बीच मेंस्ट्रुअल लीव का ऐलान किया। हालांकि इसके साथ ही कंपनी ने यह भी साफ किया है कि सभी वर्टिकल में काम करने वाली महिलाओं को पीरियड्स की छुट्टी नहीं दी जाएगी।
एलएंडटी ने कहा है कि पीरियड्स लीव सिर्फ मैन्यूफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग सेक्टर से जुड़ी महिला कर्मचारियों को ही दी जाएगी। बाकी अन्य वर्टिकल में पीरियड्स लीव इसलिए नहीं दिया गया है क्योंकि वहां काम करने वाले कर्मचारियों को वर्क फॉर होम या फ़्लेक्सिबल काम करने की सुविधा है।
Period leave In India: देश की कौन-कौन सी कंपनी देती है पीरियड्स लीव?
🔺 1. ऑनलाइन मील डिलीवरी स्टार्टअप जोमैटो 2020 से अपनी महिला कर्मचारियों को पीरियड्स लीव देता है।
🔺 2. 2020 में जोमैटो के नक्शेकदम पर चलते हुए, सूरत स्थित डिजिटल मार्केटिंग कंपनी iVIPANAN ने घोषणा की थी कि वह महिला कर्मचारियों को हर साल 12 दिन की पीरियड्स लीव देगा।
🔺 3. ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी ने 2021 में महिलाओं के लिए दो दिन का मासिक धर्म अवकाश शुरू किया था।
🔺 4. BYJU'S भी 2021 से अपने महिला कर्मचारियों को हर महीने एक दिन की पीरियड्स लीव देता है।
🔺 5. दिसंबर 2022 में सीके बिड़ला समूह की इकाई, ओरिएंट इलेक्ट्रिक ने मासिक धर्म अवकाश नीति लागू की थी।
🔺 6. 2023 में, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने पीरियड्स लीव पॉलिसी लागू की थी।
🔺 7. हैदराबाद स्थित मार्केट रिसर्च और रणनीतिक परामर्श देने वाली स्टार्ट-अप इंडस्ट्रीआर्क भी पीरियड्स लीव देता है। इस कंपनी में हर महीने एक से दो दिन की छुट्टी मिलती है।
🔺 8. नई दिल्ली स्थित कंपनी वेट एंड ड्राई पर्सनल केयर अपनी महिला कर्मचारियों को पीरियड्स के दौरान दो दिन की छुट्टी देने की पेशकेश करता है।
🔺 9. मलयालम मीडिया संगठन मातृभूमि ने अपनी महिला कर्मचारियों को मासिक धर्म के पहले दिन घर से काम करने की इजाजत देता है। ये ऐलान उन्होंने 2017 में किया था।
🔺 10. बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप हॉर्स स्टेबल न्यूज भी पीरियड्स लीव देता है।
🔺 11. कोलकाता स्थित डिजिटल मीडिया कंपनी FlyMyBiz ने 2018 में अपने यहां पीरियड्स लीव देने का ऐलान किया था।
भारत के किन राज्यों में मिलती है पीरियड्स लीव?
🔴 भारत में कई राज्य हैं, जो मासिक धर्म अवकाश नीति प्रदान करते हैं। बिहार ने इसे 1992 में, केरल ने 2023 में और सिक्किम और ओडिशा ने 2024 में लागू किया।
🔴 2024 में ओडिशा भारत का पहला राज्य बन जाएगा, जिसने राज्य सरकार और प्राइवेट दोनों कार्यालयों में महिला कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय मासिक धर्म अवकाश नीति शुरू की है। अब कर्नाटक में भी इससे जुड़े विधेयक पर विचार किया जा रहा है।
🔴 बिहार में 1992 में पीरियड्स लीव पॉलिसी बनाई गई थी, जिसके तहत महिला कर्मचारियों को दो दिन की पीरियड्स लीव मिलती है।
🔴 केरल ने पीरियड्स लीव पॉलिसी 2023 में शुरू की। केरल में यूनिवर्सिटी और संस्थानों में छात्राओं को पीरियड्स लीव मिलती है।
🔴 सितंबर 2024 में यह बताया गया कि कर्नाटक निजी और सार्वजनिक दोनों क्षेत्रों में महिलाओं के लिए साल में छह दिन का भुगतान किया जाने वाला मासिक धर्म अवकाश देने पर विचार कर रहा है।
किन-किन देशों में है पीरियड्स लीव पॉलिसी?
कई देशों में भी पीरियड्स लीव पॉलिसी लागू है। दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, फिलीपींस, जाम्बिया, स्पेन, वियतनाम तथा कई अन्य देश अपनी महिला कर्मचारियों को मासिक धर्म अवकाश प्रदान करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications