सरकार के इस आदेश के बाद तमिलनाडु में उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां, लोगों ने जमकर की खरीददारी
नई दिल्ली। तमिलनाडु में सरकार ने शुक्रवार को पांच शहरों में 26 अप्रैल से सख्त लॉकडाउन लागू करने का फैसला लिया है। सरकार के इस फैसले से लोगों ने शनिवार को जमकर खरीददारी की। उन्हें डर था कि लॉकडाउन के चलते उन्हें सामान की किल्लत से ना जूझना पड़े। चेन्नई की कई दुकानों पर शनिवार को काफी भीड़ देखने को मिली। वहीं तमिलनाडु के कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन का कहना है कि दूध की आपूर्ति के लिए हमने पुख्ता इंतजाम किए हैं, साथ ही सुपरमार्केट में भी डिलिवरी की हमने व्यवस्था की है। लेकिन बावजूद इसके तंबराम, पल्लवरम, में दुकानों में सुबह 7 बजे ही दूध के पैकेट खत्म हो गए। सुपरमार्केट और दुकानों में जरूरी सामान के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी।

बता दें कि शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए 26 अप्रैल सुबह 9 बजे से 29 अप्रैल तक के लिए तीन शहरों में कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै में सख्त लॉकडाउन का पालन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी ने कहा कि इसी तरह का सख्त लॉकडाउन सलेम और तिरपुर में भी लागू किया जाएगा। यहां भी 26 अप्रैल सुबह 6 बजे से 28 अप्रैल तक लॉकडाउन का सख्ती से पालन किया जाएगा। शुक्रवार को कई शहरों में लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है क्योंकि कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बता दें कि तमिलनाडु में कोरोना वायरस के कुल 1755 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 22 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications