TDP के नेतृत्व वाली आंध्र सरकार ने पेगासस स्पाइवेयर का किया था इस्तेमाल- जांच पैनल
विजयवाड़ा, 16 जून। पेगासस स्पाइवेयर को लेकर आंध्र प्रदेश विधानसभा के स्पीकर तम्मिनेनी सीताराम द्वारा गठित हाउस कमेटी ने बुधवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा में गृह और आईटी विभाग के अधिकारियों के साथ पूछताछ की। कमेटी पिछली टीडीपी सरकार द्वारा इजरायल में बने पेगासस स्पाइवेयर को खरीदने और उसके इस्तेमाल के आरोपों की जांच कर रही है।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए हाउस कमेटी के अध्यक्ष भुमना करुणाकर रेड्डी ने कहा कि कमेटी ने जांच के दौरान महसूस किया कि पिछली सरकार ने स्पाइवेयर का इस्तेमाल किया। फोन टैप किए गए और चुनावों में टीडीपी को फायदा पहुंचाने के लिए लोगों और राजनीतिक दलों की जानकारी लूटी।
उन्होंने पिछली सरकार पर स्मार्ट पल्स सर्वे के माध्यम से लोगों का डेटा एकत्र करने और अपने राजनीतिक हितों के लिए इसका दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा विधान सभा और हाउस कमेटी का मानना है कि पिछली सरकार ने अलोकतांत्रिक तरीके से निजी व्यक्तियों के फोन टैप किए थे और जानकारी चुराई थी। उन्होंने कहा कि जांच में सभी तथ्य स्थापित हो जाएंगे।
उन्होंने कहा, "हमने जांच के तहत अधिकारियों के साथ अभी प्रारंभिक बैठक की है और वे अगली बैठक के लिए पूरी जानकारी देंगे।" उन्होंने कहा कि इस मुद्दे से जुड़े अधिकारियों को भी तलब किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications