पेगासस जासूसी मामले की रिपोर्ट को कमेटी ने SC को सौंपा, 29 में से 5 फोन में मालवेयर मिला
नई दिल्ली, 25 अगस्त। पेगासस जासूसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हुई। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले को लेकर कमेटी ने अपनी रिपोर्ट को तीन हिस्सों में जमा किया है, तकनीकी कमेटी की दो रिपोर्ट और एक रिपोर्ट देखरेख कमेटी ने दायर की है। इस रिपोर्ट को सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस आरवी रवींद्रन ने तैयार किया है। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि यह रिपोर्ट आम लोगों के लिए नहीं है, लिहाजा इसे सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए, इसे गोपनीय रखना चाहिए। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा है कि भारत सरकार इस मामले में सहयोग नहीं कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अभी तक जहां तक तकनीकी कमेटी की बात है तो उसे कुल 29 फोन नंबर दिए गए थे, जिनमें पेगासस वायरस होने की बात कही गई थी। कमेटी को इन फोन नंबर में कुछ मालवेयर मिले हैं। 29 में से 5 फोन में मालवेयर मिला है, लेकिन यह नहीं कहा गया है कि यह पेगासस है। तकनीकी कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि पांच फोन में मालवेयर था, हम देखेंगे कि इस रिपोर्ट के कितने हिस्सों को सार्वजनिक कर सकते हैं।
बता दें कि कई नेताओं, एक्टिविस्ट और पत्रकारों के फोन टेप होने का आरोप लगा था। जिसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। जिसके बाद इस कमेटी को पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया था। कमेटी की रिपोर्ट कोर्ट पहुंचने के बाद कुछ याचिकाकर्ताओं ने कमेटी की रिपोर्ट की कॉपी मांगी है, जिसपर कोर्ट ने कहा कि हम इस मांग की समीक्षा करेंगे। साथ ही कोर्ट ने कहा कि बिना पूरी रिपोर्ट को पढ़े हम कोई और टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। कोर्ट में जब एक वकील ने कहा कि वह इसपर अपनी राय रखना चाहते हैं तो मुख्य न्यायाधीश ने हल्के अंदाज में कहा कि परसो मैं इसपर अपनी राय जाहिर करूंगा।
Recommended Video
फिलहाल यह मामला चार हफ्तों के लिए टाल दिया गया है। न्यूज पोर्ट द वायर ने दावा किया था कि 142 लोगों के फोन को टैप किया गया है। सिक्योरिटी लैब ऑफ अमनेस्टी इंटरनेशनल ने भी सुरक्षा में सेंध की बात कही थी। आरोप लगाए गए कि राहुल गांधी, प्रशांत किशोर, मौजूदा केंद्रीय मंत्री, पूर्व चुनाव कमिश्नर, सुप्रीम कोर्ट के दो रजिस्ट्रार, पूर्व जज, 40 पत्रकारों के फोन को पेगासस के जरिए टैप किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications