पेटीएम मॉल ने डाटाबेस हैक होने के इंटीलीजेंस फर्म के दावे को नकारा, कहा- कोई सुरक्षा चूक नहीं
नई दिल्ली। पेटीएम मॉल ने ऑनलाइन इंटेलिजेंस कंपनी-साइबल के उस दावे को नकार दिया है जिसमें उसके डाटाबेस में सेंध की बात कही गई है। भुगतान सेवा प्रदाता पेटीएम की ई-कॉमर्स इकाई पेटीएम मॉल ने कहा है कि डेटा हैक और सेंधमारी के दावों की जांच में कोई सुरक्षा चूक नहीं मिली है। ऑनलाइन इंटेलिजेंस कंपनी-साइबल ने रविवार को कहा था कि एक साइबर अपराध समूह ने पेटीएम मॉल के पूरे डेटाबेस में सेंधमारी करते हुए फिरौती की मांग की है।

ऑनलाइन इंटेलिजेंस कंपनी-साइबल के दावों पर पेटीएम मॉल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हम यह आश्वस्त करना चाहते हैं कि सभी यूजर्स और कंपनी का डाटा पूरी तरह सुरक्षित है, जो दावे डाटा में चोरी होने को लेकर किए गए हैं, वे पूरी तरह से गलत हैं। बयान में कहा गया है- हमने इसे देखा और संभावित हैक और डाटा में सेंधमारी के दावे पर जांच की और यह पूरी तरह फर्जी निकला।
पेटीएम मॉल के प्रवक्ता ने मामले को लेकर कहा है कि जैसा आप उम्मीद करते हैं, हम डाटा सुरक्षा में काफी निवेश करते हैं। हम बग बाउंटी कार्यक्रम भी चलाते हैं, जिसके तहत हम किसी भी सुरक्षा खतरों का खुलासा करने वाले को इनाम देते हैं। हम बड़े पैमाने पर सुरक्षा रिसर्च समुदाय के साथ काम करते हैं और सुरक्षित तरीके से सुरक्षा विसंगतियों को हल करते हैं। ऐसे में डाटा की सुरक्षा को लेकर निश्चिंत रहें।
वहीं साइबल ने अपने दावे में कहा है कि हमारे सूत्रों ने हमें वह मैसेज भी फॉरवर्ड किया, जहां हैकर्स ने यह दावा किया है कि उन्हें पेटीएम मॉल से फिरौती की रकम भी प्राप्त हो गई हालांकि वह यह पुष्टि नहीं कर रहा कि फिरौती दी गई या नहीं। दावा किया गया है कि हैक पेटीएम मॉल के इनसाइडर की वजह से हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications