'भाई, थोड़ा पढ़ लेते तो मूर्ख नहीं बनते', कांग्रेस नेता ने पहले कसा तंज और अब बोले- 'अक्षय और अकबर दोनों...'
'भाई, थोड़ा पढ़ लेते तो मूर्ख नहीं बनते', कांग्रेस नेता ने पहले कसा तंज और अब बोले- 'अक्षय और अकबर दोनों...'
नई दिल्ली, 03 जून: कांग्रेस के नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने अभिनेता अक्षय कुमार को उनकी 'पाठ्यपुस्तक टिप्पणी' को लेकर पहले मूर्ख कहा था और अब उन्होंने अक्षय कुमार और मुगल सम्राट अकबर की तुलना की है। फिल्म सम्राट पृथ्वीराज की रिलीज से पहले अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में कहा था कि हमारी किताबों में जितना मुगल शासकों के बारे में लिखा है, उतना हिंदू राजाओं के बारे में नहीं है, इसलिए हमें इस बैलेंस करने की जरूरत है...। अक्षय की इसी टिप्पणी पर कांग्रेस नेता ने उन्हें कहा कि ,''भाई, थोड़ा पढ़ लेते तो मूर्ख नहीं बनते...।'' आइए जानें क्या है पूरा विवाद।

'माता पिता की सुन, पढ़ लेते तो यूं मूर्ख नहीं बनना पड़ता...'
अक्षय कुमार की वीडियो टिप्पणी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ट्वीट किया, ''भाई, माता पिता की बात सुन लेते और थोड़ा पढ़ लिख लेते तो आज सार्वजनिक तौर पर यूं मूर्ख नहीं बनना पड़ता...।'' अपनी फिल्म सम्राट पृथ्वीराज की रिलीज से पहले समाचार एजेंसियों के साथ इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने हाल ही में कहा कि इतिहास की किताबों को हिंदू राजाओं के साथ मुगल सम्राटों की कहानियों को संतुलित करने की जरूरत है।

'इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज के बारे में केवल 3-4 लाइन पढ़ी...'
अक्षय कुमार ने कहा था, "इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज के बारे में केवल तीन-चार पंक्तियां थीं जो मैंने पढ़ीं। इस फिल्म के लिए धन्यवाद, मुझे उनके बारे में इतना कुछ पता चला। मुझे नहीं लगता कि कोई और भी उनके बारे में जानता था।''
अक्षय कुमार ने कहा, "जब मैं अपने बेटे से उनके (पृथ्वीराज) के बारे में बात कर रहा था, तो उसने कहा 'मैं ब्रिटिश साम्राज्य, मुगल साम्राज्य के बारे में जानता हूं, लेकिन वह कौन है?' इसलिए यह दुखद है कि हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते। झांसी की रानी राणा प्रताप के बारे में भी सिर्फ पंक्तियां थीं। लेकिन मुगलों पर बहुत सारे अध्याय हैं।'' अक्षय कुमार की इन्ही बातों पर पवन खेड़ा भड़क गए और उन्होंने अभिनेता को मूर्ख कह दिया।

'अगर अक्षय, गोरी को महान कहते तो वो पढ़े-लिखे होते...'
एक पत्रकार ने अक्षय कुमार को मूर्ख कहने वाले पवन खेड़ी की टिप्पणी पर ट्वीट किया और लिखा, ''अगर अक्षय कुमार ने यहां मोहम्मद गोरी को महान कह दिया होता पवन खेड़ा लिखते कि अक्षय कुमार पढ़े लिखे हैं। दरअसल अक्की ने इसी दुखती रग पर हाथ रखा है तो मुगल आक्रांताओं को नायक मानने वालों को दर्द होना लाजिमी है।''

'मेरे लिए अक्षय कुमार और अकबर दोनों इस देश के हैं...'
पत्रकार के सोशल मीडिया टिप्पणी का जवाब देते हुए कि पवन खेड़ा ने दोबारा ट्वीट किया और लिखा, "मेरे लिए, अक्षय कुमार और अकबर दोनों इस देश के हैं।'' सम्राट पृथ्वीराज आज 03 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और इसे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया है।

'अकबर इस देश का है और आर्या बाहर से आए थे...'
एक अन्य ट्विटर यूजर ने पवन खेड़ा को टैग कर कहा, ''अकबर इस देश का है और आर्या बाहर से आए थे...है ना...?'' इस यूजर के ट्वीट का जवाब देते हुए पवन खेड़ा ने लिखा, ''दोनों यहीं के हो के रह गए। और हमारी विशाल हृदयी सभ्यता बनती रही, बढ़ती रही और अविरल बहती रही...।''












Click it and Unblock the Notifications