OI EXCLUSIVE: 'मैंने जगनमोहन रेड्डी पर कुछ नही कहा',तिरुपति प्रसाद विवाद पर पवन कल्याण का बड़ा बयान
Pawan Kalyan Exclusive Interview: भगवान तिरुपति बालाजी के प्रसाद में मिलावट की रिपोर्ट आने के बाद से आंध्र प्रदेश में सियासी धर्म युद्ध छिड़ गया है। आलम ये है कि मामले में CBI जांच और फांसी तक की मांग हो गई है। दरअसल, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने पिछली जगनमोहन रेड्डी सरकार पर मंदिर के प्रसाद में घी की जगह मछली का तेल और जानवरों की चर्बी मिलाए जाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद से विवाद जारी है।
इसे लेकर आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने वन इंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत की है। पवन कल्याण ने इंटरव्यू में कुछ ऐसा कहा जो चंद्रबाबू नायडू द्वारा पूर्व सीएम जगनमोहन रेड्डी पर लगाए गए आरोपों से अलग है, जिससे गठबंधन में सियासी रार भी छिड़ सकता है। पवन कल्याण ने कहा कि मैंने जगन पर नहीं बल्कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) पर टिप्पणी की है।

क्या कहा पवन कल्याण ने ?
वन इंडिया से Exclusive बातचीत में डिप्टी CM पवन कल्याण से जब ये सवाल पूछा गया कि सत्ताधारी गठबंधन जगनमोहन रेड्डी पर कैसे आरोप लगा सकती है जब खुद सीएम चंद्रबाबू नायडू के बेटे और प्रदेश के IT मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम एक स्वतंत्र ट्रस्ट है? इसपर पवन कल्याण ने जवाब देते हुए कहा, हमलोग TTD बोर्ड पर टिप्पणी कर रहे हैं। मैं ये ऑन रिकॉर्ड कह रहा हूं। मैंने जगन पर कोई कमेंट नहीं किया। अगर इस बोर्ड का गठन आपके द्वारा किया गया लेकिन आप इस अपराध के आरोपी नहीं है, ठीक है। जांच होने दीजिए, दोषी कौन है सब सामने आएगा। आप डरे हुए क्यों हो?
टीटीडी क्या है ?
बता दें कि, टीटीडी यानि कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम एक स्वतंत्र ट्रस्ट है, जो तिरुमाला में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामीवरी मंदिर सहित इसके संबद्ध स्थानीय मंदिरों का प्रबंधन करता है। ट्रस्ट दुनिया में सबसे अधिक देखे जाने वाले हिंदू धार्मिक मंदिर के संचालन और वित्त की देखरेख करता है। इस ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा की जाती है।
नारा लोकेश के बयान पर क्यों छिड़ा विवाद?
दरअसल, नारा लोकेश ने कहा था कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) एक स्वतंत्र ट्रस्ट है, सीएम सिर्फ इस ट्र्स्ट के कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति करते हैं। जबकि उनके पिता और आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने पूर्व सीएम और जगनमोहन रेड्डी की सरकार को इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।












Click it and Unblock the Notifications