बिहार के लोगों के साथ खड़े होने के बजाए बहनोई के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं तेजस्वी
नई दिल्लीः भारी बारिश के कारण पूरा बिहार इस वक्त जलमग्न है। इस स्थिति में न तो सरकार जनता के साथ खड़ी नजर आ रही है और ना ही प्रदेश की विपक्ष पार्टी के नेता नजर आ रहे हैं। काफी दिनों से गायब बिहार के प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव आजकल हरियाणा में बसेरा डाले हुए हैं। तेजस्वी यादव हरियाणा में अपने बहनोई चिंरजीवी राव के लिए रेबाड़ी में प्रचार कर रहे हैं। बाढ़ की समस्या को लेकर सरकार की किरकिरी तो हो ही रही है। साथ में विपक्ष भी लोगों के गुस्से का दंश झेल रहा है।

एक तरफ समस्या में फंसे लोग और आरजेडी पार्टी के कार्यकर्ता तेजस्वी यादव को लंबे समय से ढूंढ रहे हैं, लेकिन तेजस्वी यादव को उनकी सुध लेने की फुर्सत तक नहीं हैं। तेजस्वी यादव की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें वो अपने बहनोई के लिए चुनाव प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं। तेजस्वी यादव के बहनोई चिरंजीवी राव कांग्रेस पार्टी के रेबाड़ी सीट से उम्मीदवार हैं। और उन्हीं के लिए तेजस्वी बिहार की जनता को संकट में छोड़ जीजा के लिए प्रचार कर रहे हैं।
हालांकि ये पहली बार नहीं है कि तेजस्वी बिहार में मुसीबत आने पर कहीं और चले जाते हैं। चाहे मुजफ्फरपुर में बच्चों की हुई मौत का मामला हो या फिर बिहार में बाढ़ की समस्या हो, तेजस्वी के पास अपने लोगों की सुध लेने की फुर्सत नहीं है। हालांकि बीच-बीच में नीतीश सरकार को कोसने के लिए उनके ट्वीट जरूर आते हैं। आरजेडी के नेताओं का कहना है कि प्रदेश के लोगों के साथ ना खड़ा होना और मुसीबत में फंसे लोगों के साथ न रहने पर उन्होंने एक और मौका छोड़ दिया है लोगों के बीच फ्रंट में आने का, हालांकि तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा कि नीतीश कुमार ने जितना पटना के लिए किया है, उतना काफी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications