Bihar News: पाटलिपुत्र टाउनशिप को लेकर हितधारकों का मंथन, नागरिक हितों को सर्वोपरि रखने पर जोर
पटना में अधिकारियों और हितधारकों ने पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकास योजना 2047 की समीक्षा के लिए बैठक की, जिसमें आवास, भूमि उपयोग, रोजगार और परिवहन की जांच की गई। यह प्रक्रिया भविष्य की शहरी जरूरतों को पूरा करने के लिए समावेशी भागीदारी, भूस्वामियों की भागीदारी और टीओडी-सक्षम सार्वजनिक परिवहन पर जोर देती है।
बिहार सरकार की प्रस्तावित ‘पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकास योजना 2047’ को लेकर शनिवार को पटना में महत्वपूर्ण हितधारक परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में पाटलिपुत्र टाउनशिप के प्रस्तावित विकास मॉडल, भूमि व्यवस्था, आवास, रोजगार, परिवहन, बुनियादी सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा आमजनों और विभिन्न हितधारकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए योजना का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। इसी क्रम में ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए नीतीश मिश्रा ने कहा कि योजना को अधिक व्यापक और सहभागी बनाने के उद्देश्य से हितधारकों के साथ संवाद की विस्तृत प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि योजना की सफलता का आधार व्यापक जनभागीदारी और निरंतर संवाद है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से उन भू-स्वामियों से प्रत्यक्ष संवाद किया जाएगा, जिनकी भूमि योजना के दायरे में आ रही है। किसानों और भू-स्वामियों को योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी और उनके सुझावों एवं विचारों को गंभीरता से सुना जाएगा। उनकी सहभागिता और सहमति के साथ योजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रस्तावित पाटलिपुत्र टाउनशिप का क्षेत्र 9 प्रखंडों के 273 गांवों में विस्तृत है। इसमें पुनपुन, नौबतपुर, मसौढ़ी, फतुहा, संपतचक, पटना ग्रामीण, धनरुआ, दनियावां और फुलवारी प्रखंड के क्षेत्र शामिल हैं। विशेष क्षेत्र के अंतर्गत नौबतपुर नगर पंचायत का आंशिक क्षेत्र और पुनपुन नगर पंचायत का पूरा क्षेत्र भी शामिल है। टाउनशिप का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल लगभग 81,730 एकड़ है। इसके अंतर्गत लगभग 3,008 एकड़ का कोर एरिया प्रस्तावित है, जिसमें पुनपुन प्रखंड के 19 गांव शामिल हैं।
नियोजित शहरी विकास पर जोर
बैठक में बताया गया कि ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का उद्देश्य केवल नया शहरी क्षेत्र विकसित करना नहीं, बल्कि भविष्य की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध विकास करना है। प्रस्तावित टाउनशिप में आवास, रोजगार, सड़क, सार्वजनिक परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, पार्क, जलापूर्ति, सीवरेज, जल निकासी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को एकीकृत तरीके से विकसित करने की योजना है।
बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों के कारण मौजूदा शहरों पर बढ़ रहे दबाव को देखते हुए ग्रीनफील्ड टाउनशिप को नए आवास, रोजगार, निवेश और व्यवसाय के अवसरों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
किसानों और भू-स्वामियों की सहभागिता पर जोर
टाउनशिप के विकास में विकास योजना, भूमि उपयोग योजना और टाउन प्लानिंग स्कीम को महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा। भूमि पूलिंग, भूमि पुनर्संयोजन या अन्य लागू भूमि व्यवस्था के माध्यम से भू-स्वामियों को विकास प्रक्रिया में सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार की ओर से छोटे भू-स्वामियों, किसानों और स्थानीय समुदायों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास प्रक्रिया को सहभागी और न्यायसंगत बनाने पर जोर दिया गया है। जहां आवश्यक होगा, सहमति आधारित व्यवस्था या लागू कानून के अनुसार भूमि अर्जन की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
TOD और बेहतर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा
प्रस्तावित टाउनशिप में ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) को बढ़ावा देने के साथ सार्वजनिक परिवहन, पैदल चलने और साइकिल के लिए सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। मिश्रित और संतुलित भूमि उपयोग के माध्यम से बेहतर कनेक्टिविटी और कम वाहन-निर्भर शहरी विकास को प्रोत्साहित करने की योजना है। साथ ही सेक्टर पार्क, सामुदायिक पार्क, हरित गलियारे, खेल क्षेत्र और जल निकायों के संरक्षण के जरिए पर्यावरण एवं जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल
बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, प्रबंध निदेशक-सह-सचिव अनिमेष कुमार पराशर, बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक-सह-विशेष सचिव निलेश रामचन्द्र देवरे, पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा, विशेष सचिव शाहिद परवेज और अपर सचिव मनोज कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर एवं क्षेत्रीय नियोजन संगठन के अधिकारियों, विभिन्न नगर निगमों के नगर आयुक्तों, CREDAI बिहार, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी के सदस्य बैंकों, ITPI, IIA और IEI के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के प्रस्तावित विकास मॉडल पर प्रस्तुतीकरण दिया गया और हितधारकों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
विभाग के अनुसार, प्रस्तावित टाउनशिप के विकास से सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होने की संभावना है। इससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को योजना को अधिक व्यावहारिक, समावेशी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए महत्वपूर्ण इनपुट के रूप में लिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को बेहतर आवास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छ एवं हरित वातावरण और आधुनिक नगर सेवाओं से युक्त एक सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।
यह परियोजना पटना के सुनियोजित विस्तार के साथ बिहार के भविष्य के शहरी विकास को नई दिशा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए समावेशी, आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं सतत शहरी विकास की आधारशिला रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
