यात्रीगण कृपया ध्यान दें! त्योहारी सीजन में चलने जा रही हैं बंपर ट्रेनें, टिकट की नहीं होगी झिकझिक
अगर आप दीवाली और छठ पर्व पर घर जाने की योजना बना रहे है तो आपके लिए अच्छी खबर है। दरअसल, भारतीय रेलवे ने पिछले साल की तुलना में बंपर ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। जिससे यात्रियों को टिकट के लिए झिकझिक नहीं करनी पड़ेगी। इस संबंध में खुद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोचों और विशेष ट्रेनों की संख्या में बड़ी वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा, दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों को मनाने के लिए घर जाने वाले 1 करोड़ से अधिक यात्रियों को सुविधा प्रदान की जाएगी। इतना ही नहीं, यात्रियों को घर जाने की सुविधा देने के लिए सामान्य श्रेणी और विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त कोच चलाए जाएंगे।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 27 सितंबर को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि इस त्योहारी सीजन में 108 ट्रेनों में जनरल कोच बढ़ाए गए। छठ पूजा और दिवाली स्पेशल ट्रेनों के लिए 12,500 कोच मंजूर किए गए। 2024-25 में आज तक कुल 5,975 ट्रेनों को अधिसूचित किया गया है।
इससे पहले, 2023-24 में त्योहारी सीजन के दौरान कुल 4,429 विशेष ट्रेनें चलाई गईं थी। बता दें, त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़भाड़ को देखते हुए रेलवे हर साल दर्जनों स्पेशल ट्रेन चलाती है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है।
केंद्रीय रेल मंत्री ने अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली कवच 4.0 के रोल-आउट पर भी चर्चा की। 24 सितंबर को राजस्थान में सिस्टम का निरीक्षण करने के बाद वैष्णव ने सवाई माधोपुर से कवच 4.0 के कार्यान्वयन की शुरुआत की घोषणा की। दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए 10,000 ट्रेन इंजनों को इस उन्नत तकनीक से लैस करने की योजना है।












Click it and Unblock the Notifications