जब लोकसभा में कांग्रेस सांसद से बोले स्पीकर ओम बिड़ला, राहुल गांधी आज छुट्टी पर हैं
नई दिल्ली। शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को लोकसभा में कांग्रेस सांसद ने राहुल गांधी की सीट से बोलने की कोशिश की तो स्पीकर ओम बिड़ला ने उन्हें टोक दिया। ओम बिड़ला ने उन्हें अपनी सीट पर वापस जाने को कहा और बताया कि राहुल गांधी आज छुट्टी पर हैं। ऐसे में आप अपनी सीट से बोलें।

लोकसभा स्पीकर ने सांसद को टोका
लोकसभा स्पीकर जिस सदस्य को बोलने की इजाजत देते हैं, उसका नाम सदन में लगी एलईडी स्क्रीन पर आता है। यह नाम सदस्य के लिए निर्धारित की गई सीट नंबर के आधार पर आता है। सदन में कांग्रेस के के. सुरेश शून्यकाल के दौरान एक मुद्दा उठाने के लिए खड़े हुए, तो सदन में लगे टीवी स्क्रीन पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम प्रदर्शित होने लगा। इस पर स्पीकर ने कहा, आपकी सीट रिक्त बता रही है। जहां आप खड़े हैं, वो राहुल गांधी की सीट है। राहुल गांधी आज छुट्टी पर हैं। आप अपनी सीट पर जाएं।

सोनिया-राहुल गांधी की एसपीजी की सुरक्षा वापस लिये जाने का मुद्दा उठा
संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन (मंगलवार) को लोकसभा में कांग्रेस सांसद सोनिया और राहुल गांधी से एसपीजी की सुरक्षा वापस लिये जाने के मुद्दे पर काफी हंगामा हुआ। कांग्रेस के सदस्यों ने मामले को उठाते हुए आसन के करीब आकर नारेबाजी की। शून्यकाल में इन दलों ने इस विषय पर सदन से वाकआउट किया। कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने मामले को उठाते हुए कहा कि गांधी परिवार के सदस्यों की जान खतरे में है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी 1991 से एसपीजी की सुरक्षा में थे। अचानक से एसपीजी सुरक्षा क्यों हटा ली गई। उनकी जान को लेकर रिस्क क्यों लिया जा रहा है।

सत्र के पहले दो दिन हंगामा
संसद का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू हो गया है। ये सत्र 13 दिसंबर तक चलेगा। पहले दिन भी लोकसभा में कई मामलों पर काफी हंगामा हुआ था। जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। फारूख अब्दुल्ला की हिरासत का मामला भी सदन में उठा। वहीं महाराष्ट्र में किसानों की स्थिति को लेकर शिवसेना के सदस्यों ने सदन में नारेबाजी की।












Click it and Unblock the Notifications