'भारतीय संसद के इतिहास में दागी हो गया', खड़गे पर भड़के सभपति धनखड़, जानिए आखिर ऐसा क्या हुआ?
Rajya Sabha NEET Uproar: नए सरकार के गठन के बाद पहला संसद का सत्र जारी है। ऐसे में शुक्रवार को राज्यसभा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा काटा। हुआ यूं कि राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा चल रही थी, तभी विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सदन के वेल में चले गए।
खड़गे के इस कदम को लेकर स्पीकर जगदीप धनखड़ ने काफी नाराजगी जताई। इसी के साथ सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि आज का दिन संसद के इतिहास में दागी हो गया।

शुक्रवार को राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच तीखी नोकझोंक हुई, क्योंकि विपक्षी दल नीट-यूजी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर तत्काल चर्चा की मांग पर अड़ा हुआ था।
तीन बार स्थगित हुई राज्यसभा
विपक्षी दलों के विरोध और नारेबाजी के कारण उच्च सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई, जिसमें विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई सांसद सदन के वेल में चले गए। वहीं राज्यसभा के सभापति ने खड़गे के आचरण पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहली बार है कि राज्यसभा में विपक्ष के किसी नेता ने सदन की कार्यवाही को बाधित करने के लिए वेल में प्रवेश किया है।
'भारतीय संसद के इतिहास में आज का दिन दागी'
इसी के साथ धनखड़ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष के किसी नेता द्वारा वेल में आने का कृत्य इतिहास में पहली बार हुआ है, जिससे यह "कलंकित दिन" बन गया है। सभापति ने कहा कि आज का दिन भारतीय संसद के इतिहास में इतना दागी हो गया है कि विपक्ष के नेता खुद वेल में आ गए। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। मैं दुखी हूं कि भारतीय संसदीय परंपरा में इस हद तक गिरावट आ जाएगी कि विपक्ष के नेता वेल में आ जाएंगे।
वहीं सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद सदन के बाहर विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभापति को दोषी बता दिया। बाद में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सभापति ने इसे लेकर नाराजगी व्यक्त की।
जानिए क्या बोले खड़गे
मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने कहा का कि हम NEET को लेकर नियम 267 के तहत सदन में चर्चा करके इससे पीड़ित लाखों युवाओं की आवाज उठाना चाहते थे, इसलिए हमने एक विशेष चर्चा के लिए कहा। हम किसी को परेशान नहीं करना चाहते थे। सदन ने शाम करीब छह बजे दिन भर के लिए स्थगित होने से पहले धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू की। सोमवार को सुबह 11 बजे फिर से राज्यसभा की बैठक होगी।












Click it and Unblock the Notifications