Parliament Session: लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव आज, सुबह 11 बजे होगी वोटिंग, कांग्रेस-BJP ने जारी किया व्हिप
Lok Sabha Speaker Poll: देश में दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष के लिए चुनाव होने जा रहा है। 18वीं लोकसभा के स्पीकर के चयन को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आम सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में आज बुधवार को लोकसभा स्पीकर पद के लिए चुनाव होगा। सुबह 11 बजे वोटिंग होगी।
बीजेपी सांसद ओम बिरला एनडीए सरकार और कांग्रेस सांसद कोडिकुनिल सुरेश विपक्ष के उम्मीदवार होंगे।पिछली 17वीं लोकसभा में निचले सदन के अध्यक्ष रहे ओम बिरला ने एनडीए के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। जबकि विपक्ष के गठबंधन इंडिया के उम्मीदवार के तौर पर के. सुरेश ने पर्चा भरा।

डिप्टी स्पीकर के पद की मांग
स्पीकर के चयन को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आम सहमति नहीं बन पाई। इंडिया ब्लॉक ने डिप्टी स्पीकर के पद की मांग की थी। हालांकि भाजपा की ओर से कोई स्पष्टता नहीं मिलने पर विपक्ष ने स्पीकर पद के लिए कांग्रेस सांसद के सुरेश का नाम आगे कर दिया है।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सूचित किया है कि विपक्ष एनडीए के स्पीकर उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए तैयार है, बशर्ते कि डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को दिया जाए।
बीजेपी-कांग्रेस ने जारी किया व्हिप
इस बीच भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी सांसदों को आज सुबह 11 बजे से सदन में मौजूद रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उपाध्यक्ष का पद अपने पास रखने की इंडिया ब्लॉक की मांग की वकालत की। वेणुगोपाल ने एएनआई से कहा, "जब यूपीए सत्ता में थी, तो हमने 10 साल के लिए एनडीए को उपाध्यक्ष का पद दिया था। लोकसभा में परंपरा यह है कि लोकसभा का उपाध्यक्ष विपक्ष को दिया जाता है।"
16 लोकसभा से जारी परंपरा टूट जाएगी
ऐसे में लोकसभा स्पीकर के चुनाव के साथ देश में लंबे समय से चली आ रही परंपरा भी टूट गई। बता दें कि आजादी के बाद पहले लोकसभा सत्र को छोड़ दें तो अब तक निचले सदन यानी लोकसभा में अध्यक्ष सर्वसम्मति से ही चुना जाता रहा है। ऐसे में चुनाव के साथ बीते 16 लोकसभा से जारी परंपरा टूट जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications