क्या था मास्टरमाइंड ललित का 'प्लान-B', जिसे नीलम-अमोल के चूकने पर करना था एक्टिव, हुआ खुलासा
Lalit Jha parliament: 13 दिसंबर को देश की संसद की सुरक्षा में हुई सेंधमारी के मामले में हर रोज नई बातें सामने आ रही हैं। अब लोकसभा में घुसपैठ करने की इस घटना के मास्टरमाइंड ललित झा ने पुलिस के सामने एक और हैरान कर देने वाला खुलासा किया है।
दरअसल, ललित झा ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि अगर संसद तक पहुंचने की उनकी टीम की योजना सफल नहीं होती तो ऐसी स्थिति में उनके पास इसका एक 'प्लान-बी' भी तैयार था।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में अपने इस प्लान बी का खुलासा करते हुए ललित झा ने कहा, 'प्लान ए के मुताबिक, अगर नीलम और अमोल किसी भी वजह से संसद तक नहीं पहुंच पाते तो फिर 'प्लान बी' के तहत महेश और कैलाश को दूसरी तरफ से संसद के पास पहुंचना था और कलर बम जलाते हुए मीडियाकर्मियों के सामने नारेबाजी करनी थी।'
हर कीमत पर घटना को देना था अंजाम
हालांकि महेश और कैलाश तय वक्त पर गुरुग्राम में विशाल शर्मा उर्फ विक्की के घर पर नहीं पहुंच पाए और इसके बाद अमोल और नीलम को किसी भी कीमत पर संसद के बाहर वो काम पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस घटना से पहले ये लोग विशाल शर्मा के घर पर ही रुके हुए थे। आपको बता दें कि बीते बुधवार को संसद हमले की बरसी के दिन सागर शर्मा और मनोरंजन डी नाम के शख्स ने पहले पब्लिक गैलरी से कूदकर लोकसभा में घुसपैठ की और इसके बाद नीलम और अमोल ने संसद के बाहर कलर बम जलाते हुए नारेबाजी की थी।
महेश को मिली थी ललित को छिपाने की जिम्मेदारी
इसके साथ ही इस घटना को अंजाम देने के बाद ललित ने छिपने का भी प्लान बनाया था। प्लान के मुताबिक, महेश को जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि वो राजस्थान में ललित को छिपाने के मिशन को अंजाम देगा। इसके बाद महेश ने अपनी आईडी का इस्तेमाल कर एक गेस्ट हाउस में कमरा लिया और कैलाश, ललित और महेश ने संसद में घुसपैठ की घटना को टीवी पर लाइव देखा।












Click it and Unblock the Notifications