Parliament Security Breach: '...ओम बिरला जरूरी कदम उठा रहे', PM मोदी ने घटना को बताया 'चिंताजनक'
Parliament Security Breach: 4 दिन पहले 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में लगी सेंध पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया साझा की है। पीएम ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक करार दिया है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पूरी गंभीरता के साथ आवश्यक कदम उठा रहे हैं। घटना की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में हुई घटना की गंभीरता को बिल्कुल भी कम नहीं आंका जाना चाहिए। इसलिए, स्पीकर पूरी गंभीरता के साथ आवश्यक कदम उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां गहन जांच कर रही हैं।

पीएम ने आगे यह भी कहा कि इसके पीछे के तत्वों को समझना, योजनाएं क्या हैं, और समाधान ढूंढना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। समाधान की खोज भी खुले मन से की जानी चाहिए। हर किसी को ऐसे मामलों पर विवाद या प्रतिरोध से बचना चाहिए।
घटना में अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
मामले में अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जिनमें सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे, नीलम देवी, ललित झा और महेश कुमावत शामिल हैं। पांचवें आरोपी ललित झा ने कथित तौर पर परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए। शनिवार को पुलिस ने छठे आरोपी महेश कुमावत को गिरफ्तार कर लिया, जिसने कथित तौर पर झा को भागने में मदद की थी और साजिश रचने के लिए पिछले दो साल से अन्य आरोपियों के संपर्क में था। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कुमावत ने सबूत मिटाने के लिए अपने मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिए थे।












Click it and Unblock the Notifications