Parliament Security Breach: संसद घुसपैठ के चारों आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड
Parliament security breach matter: संसद में बुधवार को हुई घुसपैठ के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद कोर्ट ने चारों आरोपियों की 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सभी आरोपियों की 15 दिन की रिमांड मांगी, हालांकि कोर्ट ने दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को चारों आरोपियों की 7 दिन की हिरासत दी है।

संसद पर कलर स्प्रे से हमला करने वाले चारों आरोपियों मनोरंजन, सागर, अमोल और नीलम को
दिल्ली पुलिस ने पटियाला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट को दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह एक सुनियोजित साजिश थी और भारत की संसद पर हमला था।
अभियोजन पक्ष ने गिरफ्तार किए गए चार लोगों पर आतंकवाद का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि चारों लोगों ने डर पैदा करने का प्रयास किया।
पुलिस वकील ने आगे कहा कि आरोपी ने पैम्फलेट ले रखा था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को लापता व्यक्ति घोषित किया गया था और कहा गया था कि जो व्यक्ति उन्हें ढूंढेगा उसे स्विस बैंक से पैसा दिया जाएगा। आरोपियों ने पीएम को घोषित अपराधी की तरह दिखाया।
वहीं दिल्ली पुलिस के वकील अतुल श्रीवास्तव ने कहा, "हमने 15 दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड का अनुरोध किया था, जिस पर अदालत ने विचार किया और अदालत ने सात दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड देने की कृपा की।"
मालूम हो कि अब तक मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा ललित झा पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। साथ ही चारों आरोपियों के फोन भी पुलिस को रिकवर करने हैं। इसके अलावा लोकसभा के अंदर और संसद के बाहर जिस कलर स्प्रे को फेंका गया था, वो कहां से खरीदा गया, इसकी भी जानकारी पुलिस जुटाने की कोशिश मे हैं।












Click it and Unblock the Notifications