Parliament Budget Session Day 8 Highlights: दोनों सदनों में 'जय संविधान' के लगे नारे, 3 मिनट चली लोकसभा
Parliament Budget Session Day 8 Highlights: संसद के बजट सत्र में गतिरोध आठवें दिन (शुक्रवार, 6 फरवरी) भी जारी रहा। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद वेल में आ गए और नारेबाजी करने लगे। भारी हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित करनी पड़ी। विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों में जय संविधान के नारे जमकर लगाए। इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने बार-बार विपक्षी सांसदों को सीट पर बैठने की चेतावनी दी।
राज्यसभा में भी भारी गतिरोध देखने को मिला और विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मकर द्वार के पास भी विपक्षी सांसदों ने बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। विपक्ष के इस रवैये पर निराशा जताते हुए बीजेपी सांसदों ने कहा कि यह पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है।

Parliament Budget Session Day 8 Highlights: लोकसभा में सिर्फ 3 मिनट चली कार्यवाही
- लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा भी होने लगा। स्पीकर के आसन पर बैठते ही हंगामा इतना बढ़ गया कि महज तीन मिनट के भीतर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
- दोपहर 12 बजे जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो हालात जस के तस बने रहे। विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां लेकर फिर वेल में पहुंच गए। पीठासीन ने बार-बार वापस लौटने का आग्रह किया।
- पीठासीन की अपील का कोई असर नहीं हुआ, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 9 फरवरी सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Lok Sabha में लगे 'जय संविधान' के नारे
पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने हंगामा कर रहे सदस्यों से बार-बार अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार बजट पर चर्चा शुरू कराना चाहती है, लेकिन प्लेकार्ड लहराना और वेल में आकर नारे लगाना संसदीय नियमों के अनुरूप नहीं है। इसके बावजूद विपक्षी सांसद 'जय संविधान' के नारे लगाते रहे।
Parliament Budget Session Day 8: राज्यसभा में पेश हुए प्राइवेट मेंबर्स बिल
राज्यसभा में शुरुआत में माहौल अपेक्षाकृत शांत लग रहा था। ऐसी उम्मीद थी कि सदन की कार्यवाही चल सकेगी। कई सदस्यों ने अलग-अलग विषयों पर प्राइवेट मेंबर्स बिल पेश किए। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने उच्च सदन में दो अहम बिल पेश किए। एक हवाई किरायों और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ा, जबकि दूसरा एनिमल ब्रीडिंग से संबंधित है।
बजट सत्र में बने इस टकराव से सरकार और विपक्ष के बीच सहमति की राह फिलहाल मुश्किल नजर आ रही है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सभा की सहमति से कार्यवाही स्थगित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी सहमति जताई। इसके बाद उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा की कार्यवाही भी 9 फरवरी तक स्थगित कर दी।












Click it and Unblock the Notifications