टी-शर्ट को लेकर लोकसभा में बवाल, स्पीकर की वार्निंग के बाद भी नहीं मानी विपक्ष! दोबारा स्थगित की गई कार्यवाही
Parliament Budget Session: गुरुवार को संसद का माहौल एक बार फिर गर्म रहा। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ सदस्य नारेबाजी करने लगे और टी-शर्ट पहनकर सदन में पहुंचे, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संसद गरिमा और मर्यादा से चलती है और सदस्यों को नियमों का पालन करना चाहिए। अध्यक्ष ने कहा कि अगर कोई सदस्य नारे वाली टी-शर्ट पहनकर आएगा और नारेबाजी करेगा, तो सदन नहीं चलेगा। उन्होंने कहा, 'टी-शर्ट खोलकर आएंगे तो सदन चलेगा।'

आपत्ति के बाद भी हंगामा बढ़ता देख स्पीकर ने लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई लेकिन हंगामे को देखते हुए कार्यवाही को शुरू होते ही दोबारा स्थगित कर दिया गया। सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: संसद के बजट सत्र में छाए रहे महाकुंभ, नागपुर व मणिपुर, सांसद शिवा की दक्षिणी राज्यों के लिए परिसीमन पर चिंता
लोकसभा अध्यक्ष की सख्त चेतावनी
सत्र की शुरुआत में ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन मर्यादा और गरिमा से चलता है। उन्होंने सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का पालन करना जरूरी है और सभी सदस्यों को अनुशासन बनाए रखना चाहिए। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नारेबाजी और अनुशासनहीनता को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी सांसदों को नसीहत दी कि सदन में मर्यादा बनाए रखें।
ये भी पढ़ें:
कार्यवाही बार-बार स्थगित
लोकसभा में जैसे ही कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने फिर नारेबाजी शुरू कर दी। पीठासीन अधिकारी कृष्ण प्रसाद तेनेटी ने सदस्यों से नियम 249 पढ़ने की सलाह दी, लेकिन विरोध जारी रहा। हंगामे को देखते हुए कार्यवाही पहले 12 बजे तक और फिर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में भी हंगामा
सिर्फ लोकसभा ही नहीं, बल्कि राज्यसभा में भी हंगामे के कारण कार्यवाही को रोकना पड़ा। सभापति ने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है ताकि संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चल सके। राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई है।
विपक्ष का विरोध जारी
विपक्षी दलों का कहना है कि वे जनता के मुद्दों को उठाने के लिए सदन में आए हैं, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। वहीं, सरकार की ओर से कहा गया कि नियमों का पालन किए बिना सदन की कार्यवाही नहीं चल सकती।
संसद के मौजूदा हालात को देखते हुए यह साफ है कि आने वाले दिनों में भी सदन में हंगामा जारी रह सकता है। अब देखना होगा कि सरकार और विपक्ष के बीच कोई समाधान निकलता है या नहीं।
ये भी पढ़ें: संसद बजट सत्र: गृहमंत्री अमित शाह हुए नाराज, बोले- 7 बार जीतकर आया हूं, मैं किसी से डरता नहीं'












Click it and Unblock the Notifications