Paris Olympics 2024: पीएम मोदी ने अमन सहरावत को दी बधाई, कहा- भारतीय पहलवानों के लिए गर्व का विषय
Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को छठां मेडल मिला। भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने फ्रीस्टाइल 57 किलो भारवर्ग मेन्स में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया है। इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सहरावत के प्रयासों और उनकी सफलता को भारतीयों पहलवानों के प्रेरणा देने वाला बताया।
पेरिस ओलंपिक पहला मौका है जब अमन ने किसी ओलंपिक मुकाबले में कांस्य पदक पर कब्जा किया है। अमन ने इस तरह ओलंपिक में कुश्ती में भारत का पदक का खाता खोला। विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने बाद अमन की जीत भारत के लिए गर्व का विषय है।

अमन की सफलता पर पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हमारे पहलवानों को अधिक गौरव... धन्यवाद! पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की फ़्रीस्टाइल 57 किग्रा में कांस्य पदक जीतने के लिए अमन सहरावत को बधाई। उनका समर्पण और दृढ़ता स्पष्ट रूप से झलकती है। पूरा देश इस उल्लेखनीय उपलब्धि का जश्न मना रहा है।"
वहीं हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने भी अमन सहरावत को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "भारत ने हासिल किया 'छठा' पदक, हरियाणा के बेटे अमन सहरावत ने कांस्य पदक जीतकर लहराया तिरंगा, पहलवान अमन सहरावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक 2024 का कांस्य पदक मुकाबला जीत लिया। बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं इस उपलब्धि के लिए आप। यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है।"
दरअसल, पेरिस ओलंपिक में भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने शानदार प्रदर्शन किया। कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में 21 वर्षीय अमन ने पुअर्तो रिको के डारियान टोई क्रूज को 13-5 के अंतर से हरा दिया।
पहलवान अमन छत्रसाल अखाड़े के रेसलर हैं। उन्होंने इसस पहले गुरुवार को प्री क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल में दमदार प्रदर्शन किया था। लेकिन पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग के सेमीफाइल में जापान के शीर्ष वरीय रेई हिगुची से एकतरफा अंदाज में हार गए थे।
ताजा मुकाबले में अमन पहले राउंड में 6-3 से आगे चल रहे थे। जबकि दूसरे राउंड अमन ने इस बढ़त को कायम रखा और क्रूज को कोई मौका नहीं मिल पाया। बता दें अमन पेरिस ओलंपिक में भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान थे। इससे पहले भारत 2008 बीजिंग ओलंपिक के बाद से हर ओलंपिक में कुश्ती में पदक जीत रहा है। 2008 में सुशील कुमार ने कांस्य, 2012 में सुशील ने रजत और योगेश्वर दत्त ने कांस्य, 2016 में साक्षी मलिक ने कांस्य, 2020 टोक्यो ओलंपिक में रवि दहिया ने रजत और बजरंग पूनिया ने कांस्य पदक जीता था।












Click it and Unblock the Notifications