Pariksha Pe Charcha 2026: परीक्षा पे चर्चा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, कैसे होगा इस बार स्टूडेंट्स का सिलेक्शन?
Pariksha Pe Charcha: परीक्षा के समय लाखों छात्रों, शिक्षकों और माता-पिता के लिए तनाव आम बात है। हर साल इस तनाव को कम करने और परीक्षा को एक आम दिन की तरह देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे संवाद करते हैं। यही कारण है कि 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम अब सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में छात्रों और शिक्षकों के लिए खास बन चुका है। परीक्षा पे चर्चा 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
जनवरी 2026 में आयोजित होने वाला यह वार्षिक कार्यक्रम छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को न केवल परीक्षा की तैयारी में मदद देगा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा भी देगा। इस साल का संस्करण पिछले वर्षों से भी बड़ा और अनोखा होने की उम्मीद है, जिसमें ऑनलाइन प्रतियोगिता और डिजिटल प्रमाणपत्र जैसी नई सुविधाएं शामिल की गई हैं।

कैसे होगा स्टूडेंट्स का सिलेक्शन?
इस बार भी प्रतिभागियों का चयन ऑनलाइन एमसीक्यू आधारित प्रतियोगिता के जरिए होगा। कक्षा 6 से 12 तक के छात्र, भारत के विभिन्न राज्यों के लोग और विदेशों में रहने वाले भारतीय छात्र, शिक्षक और अभिभावक भी इसमें भाग ले सकते हैं। यह गतिविधि 1 दिसंबर 2025 से 11 जनवरी 2026 तक MyGov पोर्टल पर लाइव रहेगी। गतिविधि पूरी करने वाले हर प्रतिभागी को MyGov की ओर से एक डिजिटल प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
पिछले वर्ष का कार्यक्रम यादगार रहा
पीपीसी 2025 का आयोजन 10 फरवरी को नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में हुआ था। इस बार कार्यक्रम में एक नया इंटरैक्शन फॉर्मेट शामिल किया गया था, जिसमें हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से 36 प्रतिभागी शामिल हुए थे। इनमें सरकारी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, सीबीएसई स्कूल, एकलव्य मॉडल रेज़िडेंशियल स्कूल और प्रेरणा एलुमनाई के छात्र शामिल थे। साथ ही कला उत्सव और वीर गाथा के विजेता भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने थे।
7 एपिसोड में कई महत्वपूर्ण विषय
कार्यक्रम में कुल सात विशेष एपिसोड शामिल किए गए थे। इनमें खेल, अनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, तकनीक, वित्त, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कई जानी-मानी हस्तियों ने इन विषयों पर अपने अनुभव साझा किए, जिससे छात्रों को नई प्रेरणा और समझ मिली।
रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी
परीक्षा पे चर्चा ने वर्षों में लगातार लोकप्रियता हासिल की है। 2025 के संस्करण ने एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, जिसमें 245 से अधिक देशों के छात्र, 153 देशों के शिक्षक और 149 देशों के अभिभावक शामिल हुए। रजिस्ट्रेशन में भी हर साल बड़ा उछाल दिखा है-2018 के पहले संस्करण में मात्र 22,000 लोग जुड़े थे, जबकि 2025 में यह संख्या 3.56 करोड़ तक पहुंच गई। इसके अलावा जन आंदोलन गतिविधियों से जुड़े 1.55 करोड़ प्रतिभागियों ने कुल भागीदारी को लगभग पाँच करोड़ तक पहुंचा दिया।
2026 संस्करण को लेकर उत्साह
चयन प्रक्रिया शुरू होते ही छात्रों और शिक्षकों में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। हर साल की तरह इस बार भी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी परीक्षा के दबाव, करियर चयन, अनुशासन, डिजिटल व्यवधान, पढ़ाई के तरीके और जीवन कौशल जैसे विषयों पर सीधे मार्गदर्शन देंगे। यह कार्यक्रम लाखों छात्रों को न सिर्फ प्रोत्साहित करता है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगामी परीक्षाओं का सामना करने के लिए तैयार भी करता है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan 22nd Installment: रुक जाएगा पीएम किसान की 22वीं किस्त का पैसा, आज ही पूरा करें ये जरूरी काम












Click it and Unblock the Notifications