शिवसेना की धमकी के बाद महाराष्ट्र में गुलाम अली का प्रोग्राम रद्द
मुंबई। एक बार फिर से धर्म, मूल्क और कलाकार को लेकर बहस छिड़ गई है क्योंकि महाराष्ट्र में पाकिस्तानी गजल गायक उस्ताद गुलाम अली का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। ऐसा शिवसेना के विरोध के कारण संभव हुआ है। आपको बता दें कि ऐसा आयोजकों को शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे की चेतावनी की वजह से करना पड़ा है।
इस बारे में मीडिया से बात करते हुए आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम तो होगा लेकिन इसमें पाकिस्तानी गजल सिंगर गुलाम अली हिस्सा नहीं लेंगे। इस बारे में फैसला बुधवार शाम को कार्यक्रम के आयोजकों और शिव सेना नेता उद्धव ठाकरे की बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया।
आपको बता दें कि 9 अक्टूबर को गुलाम अली को षणमुखानंद प्रेक्षागृह में अपनी प्रस्तुति देनी थी लेकिन अब वहां पर वो कार्यक्रम पेश नहीं करेंगे। मालूम हो कि आयोजकों का कहना है कि शिवसेना कह रही है कि वो पाकिस्तान की कला और पाकिस्तानी कलाकारों की इज्जत करते हैं लेकिन वो पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के सांस्कृतिक संबंध के खिलाफ हैं क्योंकि पाक सीमा पर लगातार हमारे नागरिकों और सैनिकों पर हमले कर रहा है। इसलिए शिवसेना सिर्फ मुंबई या पुणे ही नहीं, देश में कहीं भी गुलाम अली का कार्यक्रम नहीं होने देगी।
गौरतलब है कि षणमुखानंद प्रेक्षागृह में जगजीत सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए 'एक अहसास' नाम से कार्यक्रम पेश किया जा रहा है जिसका हिस्सा अब गुलाम अली नहीं होंगे।













Click it and Unblock the Notifications