पुंछ में पाकिस्तान की 'नापाक' साजिश, LoC पार कर भारतीय सीमा में घुसा ड्रोन, सेना ने गोलियां बरसाकर खदेड़ा
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी कायराना हरकत को दोहराया है। रविवार तड़के डिगवार इलाके में तैनात भारतीय सेना के सतर्क जवानों ने संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट को नोटिस किया।
अधिकारियों के अनुसार, सुबह लगभग 5:45 से 6:00 बजे के बीच 2-3 छोटे क्वाडकॉप्टर (ड्रोन) ने भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने की कोशिश की। जैसे ही ये ड्रोन LoC के करीब आए, भारतीय जवानों ने तुरंत जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।

सेना की इस आक्रामक और त्वरित कार्रवाई को देखते हुए पाकिस्तानी ड्रोन वापस पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) की ओर भागने पर मजबूर हो गए। पिछले तीन दिनों में पुंछ इलाके में ड्रोन घुसपैठ की यह दूसरी बड़ी घटना है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच छिड़ा 'ओपन वार'
एक तरफ भारत सीमा पर पाकिस्तान की साजिशों को नाकाम कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई हिस्सों, जिनमें राजधानी काबुल, कंधार और पक्तिका शामिल हैं, पर भीषण हवाई हमले किए हैं।
रविवार सुबह काबुल में तेज धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि उन्होंने अफगानिस्तान के भीतर 22 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें 274 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं। यह हमला तालिबान द्वारा पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर किए गए हमलों के जवाब में 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक' के तहत किया गया है।
दोनों देशों के बीच 2,611 किलोमीटर लंबी डूरंड लाइन को लेकर पुराना विवाद अब एक पूर्ण सैन्य संघर्ष में तब्दील होता दिख रहा है। इस्लामाबाद ने काबुल के खिलाफ 'खुली जंग' का ऐलान कर दिया है, जिससे पूरे दक्षिण एशिया क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications