जम्मू: अरनिया में पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, पाक की फायरिंग में आठ माह के बच्चे की मौत
पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू में युद्धविराम तोड़ा है और पाक सेना की ओर से लगातार फायरिंग जारी है। पाक की तरफ से सोमवार को पूरी रात अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर (आईबी) पर फायरिंग जारी रही। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की ओर से लगातार इस फायरिंग का करारा जवाब भी दिया जा रहा है।
जम्मू। पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू में युद्धविराम तोड़ा है और पाक सेना की ओर से लगातार फायरिंग जारी है। पाक की तरफ से सोमवार को पूरी रात अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर (आईबी) पर फायरिंग जारी रही। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की ओर से लगातार इस फायरिंग का करारा जवाब भी दिया जा रहा है। इस पाक की फायरिंग में अखनूर में आठ माह के बच्चे की मौत हो गई है। पाकिस्तान की ओर से पूरी रात मोर्टार दागे गए है।

फायरिंग की चपेट में आया नवजात
पाक की ओर से जारी फायरिंग में एलओसी पर अखनूर सेक्टर के केरी बाट्टाल इलाके में आठ माह के बच्चे की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह नवजात फायरिंग की चपेट में आ गया था और एक गोली इस नवजात को भी लग गई थी। सोमवार को भी पाक ने अरनिया में मोर्टार दागे थे। एक मोर्टार थाने में जाकर गिरा था जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। बीएसएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू के सांबा सेक्टर के बाबा चमिलियाल और नारायणपुरा में इंटरनेशनल बॉर्डर पर सीजफायर तोड़ा है।

स्कूल बंद और लोगों को घरों में रहने की हिदायत
पाकिस्तान ने रात करीब 10:10 बजे ऑटोमेटिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी है। बीएसएफ और पुलिस की ओर से लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे अपने घरों से बाहर न निकलें। सोमवार को अरनिया के पांच किलोमीटर के क्षेत्र में स्थित सभी स्कूलों को बंद करा दिया गया है। पाक सेना रविवार से ही लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) और आईबी पर फायरिंग कर रहा है। गुरुवार को इस फायरिंग में दो नागरिकों की मौत हो गई थी और बीएसएफ के जवान सीताराम उपाध्याय भी शहीद हो गए थे।

बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई, सियालकोट में मरे कई लोग
रविवार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ से फायरिंग रोकने की अपील की थी। रविवार को ही बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सियालकोट इलाके में कई लोग मारे गए थे। इसके बाद पाकिस्तान कुछ मिनटों के लिए खामोश था। पिछले तीन दिनों से जम्मू में इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से फायरिंग हो रही थी। पाकिस्तानी रेंजर्स रिहायशी इलाकों में भी मोर्टार दाग रहे थे, जिसके बाद बीएसएफ ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई बंकरों को तबाह कर दिए।












Click it and Unblock the Notifications