अब बॉर्डर पर दिखी पाकिस्तान की बौखलाहट, राजौरी में किया सीजफायर का उल्लंघन
जम्मू। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। वह लगातार भारत के खिलाफ साजिश बनाने में जुटा हुआ है। पाकिस्तान की ओर से एकबार फिर बुधवार देर रात को सीजफायर का उल्लंघन किया गया है। पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर में फायरिंग की गई और मोर्टार दागे गए। वहीं भारत ने भी इस पर जवाबी कार्रवाई की। इस फायरिंग में किसी भी नुकसान की खबर नहीं है।
बुधवार देर रात करीब सवा 10 बजे पाकिस्तान की ओर से यह गोली बारी शुरु की गई। बताया जा रहा है कि यह अभी भी जारी है। वहीं, पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी का भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। ऐसा माना जा रही है पाकिस्तान इस फायरिंग की आड़ में भारतीय सीमा के अंदर आतकियों को घुसाने की कोशिश कर रहा है। भारतीय सेना की ओर से भी पाक की नापाक हरकत का जवाब दिया जा रहा है।
इससे पहले 4 अगस्त को भी पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। कैरन सेक्टर में हुई पाकिस्तानी गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान की बैट (बार्डर एक्शन टीम) के 5 से 7 सैनिक ढेर कर दिए थे। उस दौरान कैरन सेक्टर में पाकिस्तानी बैट टीम की घुसपैठ की कोशिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया था। भारतीय सेना की ओर से की गई कार्रवाई में पाकिस्तान की कई सैन्य चौकियां भी तबाह हो गई थीं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की ओर से जुलाई महीने में कुल 272 बार संघर्षविराम उल्लंघन किया गया है। वहीं इस साल पाकिस्तान की ओर से कुल 1,593 संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया है।
कर्नाटक में बाढ़ से 7 की मौत, 26 हजार लोगों को सुरक्षित बचाया गया