जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाक की ओर से फायरिंग, दो जवान घायल
भारतीय सेना के मुंहतोड़ जवाब देने के बावजूद पाकिस्तान अपनी कायराना हरकतों बाज नहीं आ रहा है।
जम्मू। सीमा पर पाकिस्तान की कायराना हरकतें लगातार जारी हैं। जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में एलओसी पर बुधवार देर रात से सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की जा रही है। भारतीय सेना भी पाकिस्तानी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में भारतीय सेना के दो जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं। फायरिंग अभी भी जारी है। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से पाकिस्तान सीमा पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है।

बुधवार शाम को भीमबर गली सेक्टर में भी पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर के भीमबर गली सेक्टर में एलओसी के पास जमकर फायरिंग की गई। इसके जवाब में भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया। हालांकि इस फायरिंग में किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली।
इससे पहले शनिवार को जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के पंथा चौक के पास आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की गाड़ी पर हमला किया। घात लगाकर किए गए इस हमले में सीआरपीएफ के एक सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए, जबकि दो जवान घायल हुए। हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर हालात पर काबू पाया।












Click it and Unblock the Notifications