कसाब की तर्ज पर कासिम, कहा हिंदुओं को मारने आया भारत
उधमपुर। बुधवार को जो आतंकी सुरक्षाबलों के हाथ लगा है, अब उसने एजेंसियों को गुमराह करने के लिए मुंबई हमलों में जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब के आइडिया को फॉलो करना शुरू कर दिया है। कसाब की तरह ही अब वह भी अपने अलग-अलग नाम एजेंसियों को बता रहा है।

कासिम खान, उस्मान खान और नावेद खान, ये तीनों नाम उसी आतंकी ने बताए हैं जिसे बीएसएफ के काफिले पर हमले के बाद गिरफ्तार किया गया है। मुस्कुराते हुए मीडिया के सामने बात करने वाले कासिम ने कई जानकारियां एजेंसियों को दी हैं।
एजेंसियों को गुमराह करने में माहिर
उससे पूछताछ करने वाले सूत्रों की मानें तो वह इस बात से काफी बेहतरी से वाकिफ है कि उसे कैसे जांच एजेंसियों को गुमराह करना है। कसाब की तर्ज पर ही अब उसने भी कई नाम एजेंसियों को बताने शुरू कर दिए हैं। सिर्फ 20 वर्ष का कासिम पुलिस के मुताबिक या तो जैश-ए-मोहम्मद या फिर लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी है। उसे इस बात का जरा भी पछतावा नहीं है कि वह किसी तरह की आतंकी वारदात में शामिल रहा था।
बहुत कम समय में ही उसे काफी अच्छी ट्रेनिंग पाक में दी गई थी। पूछताछ में उसने बताया है कि वह जंगलों के रास्ते भारत में दाखिल हुआ। जब उससे पूछा गया कि वह कैसे यहां तक पहुंचा तो उसने कहा कोई बस यहां तक नहीं आती थी इसलिए जंगल पार करके आया।
हिंदुओं की हत्या करना मकसद
कासिम की मानें तो वह पिछले 12 दिनों से भारत में है। कासिम के मुताबिक वह भारत में हिंदुओं की हत्या के मकसद से दाखिल हुआ था। उसका कहना है कि भारत में कश्मीरियों की हत्या की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक वह रटे रटाए बयान ही दे रहा है। उसे इस बात का जरा भी इल्म नहीं कि इसके परिणाम क्या हो सकते हैं।
उसने यह भी बताया कि वह एक छोटे मिशन के तहत भारत आया था। उसने अपनी उम्र को लेकर भी झूठ बोले थे। पहले उसने कहा कि वह 20 वर्ष का है फिर उसने कहा कि उसकी उम्र सिर्फ 16 साल ही है।












Click it and Unblock the Notifications