सुषमा की मदद से आज जोधपुर में दुल्हन बनेंगी पाकिस्तान की प्रिया बच्चानी
रेश और प्रिया की सगाई तीन साल पहले हुई थी। उस समय ही दोनों की शादी की तारीख 7 नवंबर 2016 तय की गई थी।
जोधपुर। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पहल ने पाकिस्तान की प्रिया बच्चानी के चेहरे पर खुशी ला दी। जी हां विदेश मंत्रालय की भूमिका के चलते ही कराची की रहने वाले प्रिया बच्चानी और जोधपुर के नरेश तेवानी की शादी आज तय वक्त पर होगी। दोनों परिवार इसे सुषमा स्वराज की तरफ से दिया गया शादी का तोहफा मान रहे हैं।

दरअसल हुआ यह था कि नरेश और प्रिया की सगाई तीन साल पहले हुई थी। उस समय ही दोनों की शादी की तारीख 7 नवंबर 2016 तय की गई थी। पर पाकिस्तान में भारतीय दूतावास द्वारा परिवार को वीजा देने में की जा रही देरी की वजह से दोनों परिवारों को ऐसा लगने लगा था कि शादी तय वक्त पर नहीं हो पाएगी।
शादी के दिन नजदीक आता देख दूल्हे नरेश ने सुषमा स्वराज से ट्वीट के जरीए मदद मांगी। नरेश ने विदेश मंत्री से गुहार लगाया कि उसकी शादी में 35 लोगों को पाकिस्तान से आना है औश्र उसके लिए वीजा दिया जाए। इस ट्वीट पर सुषमा स्वराज ने त्वरित कार्रवाई की और परिवार के सभी 35 सदस्यों को जोधपुर आने के लिए वीजा मिल गया।
रविवार को जोधपुर पहुंच गई प्रिया
प्रिया और उसका परिवार रविवार को जोधपुर पहुंच गया। मीडिया से बातचीत में प्रिया ने कहा कि , 'मैं बहुत खुश हूं कि सब कुछ हमारे प्लान के हिसाब से हुआ, हम यहां शादी की रस्मों का आनंद ले रहे हैं।'
ट्रेन से पहुंचे कुछ रिश्तेदार
प्रिया के कुछ रिश्तेदार शनिवार शाम भारत-पाक के बीच चलने वाली ट्रेन थार एक्सप्रेस से जोधपुर पहुंच चुके थे। दूल्हे के पिता कन्हैया लाल तेवानी ने कहा कि पाकिस्तान से आने वाले लोगों ने शादी की तारीख के हिसाब से वक्त पर वीजा के लिए आवेदन दे दिया था।
उन्होंने कहा, 'हमने उसी हिसाब से तैयारियां शुरू कर दी थीं, शादी के कार्ड बंटने शुरू हो गए थे, मेहमानों के रुकने का इंतजाम कर दिया गया था, पर जब वीजा मिलने में देरी होने का पता चला तो हमने तैयारियां रोक दीं। इसके बाद हमारा सारा फोकस वीजा हासिल करने पर रहा।'












Click it and Unblock the Notifications