पहलगाम हमले पर सर्वदलीय बैठक, ओवैसी की दो टूक, 'राष्ट्रीय सुरक्षा पर हर दल की हिस्सेदारी'
Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर देशभर में चिंता बढ़ा दी है। इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार ने राजनीति से ऊपर उठकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को साथ लेने की कोशिश की है।
इसी प्रयास के तहत दिल्ली में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें हैदराबाद से लोकसभा सांसद एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी भाग लेने की घोषणा की है।

हालांकि ओवैसी की इस बैठक में भागीदारी पर कोई सीधी सहमति नहीं थी। इससे पहले उन्होंने सरकार की मंशा और कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े किए थे। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से फोन कर इस बैठक में आने का अनुरोध किया और वो इसे "राष्ट्रीय महत्व का विषय" मानते हुए भाग लेंगे।
Pahalgam Terror Attack:'राष्ट्रीय मुद्दे पर राजनीति नहीं', ओवैसी
सर्वदलीय बैठक पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "जिस कारण से सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, वह राष्ट्रीय महत्व का है। गृह मंत्री ने मुझे फोन किया और पूछा कि मैं कहां हूं। उन्होंने मुझे आने के लिए कहा है। मैं जल्द से जल्द टिकट बुक करूंगा और सर्वदलीय बैठक (दिल्ली में) में पहुंचूंगा।"
बैठक में आने से पहले ओवैसी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर कड़ा सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था, "क्या प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर एक घंटा नहीं निकाल सकते?" यह सवाल उस समय आया, जब देश गुस्से और गम के दौर से गुजर रहा था, लेकिन शीर्ष नेतृत्व की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
ओवैसी के अनुसार, देश को ऐसे वक्त में अपने नेतृत्व से स्पष्ट और साहसी प्रतिक्रिया की उम्मीद होती है। उनकी राय में प्रधानमंत्री की चुप्पी न सिर्फ सियासी बल्कि नैतिक सवाल भी खड़े करती है।
Pahalgam Terror Attack: छोटे दलों की भागीदारी पर भी ओवैसी का सवाल
बैठक में बुलाए गए दलों को लेकर ओवैसी ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से बात कर यह सवाल उठाया कि "कम सांसदों वाली पार्टियों को क्यों नहीं बुलाया गया?"
इस पर रिजिजू ने जवाब दिया कि सभी दलों को बुलाया गया तो बैठक बहुत लंबी हो जाएगी। इस जवाब को लेकर ओवैसी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि "तो फिर हमारा क्या?" जिस पर रिजिजू ने मुस्कराते हुए जवाब दिया, "आपकी आवाज वैसे भी बहुत तेज है।"












Click it and Unblock the Notifications