पद्मावत: 14 दिन के लिए जेल भेजे गए स्कूली बस पर हमला करने वाले 18 आरोपी
गुरुग्राम में जीडी गोयनका स्कूल की बस पर पथराव के मामले में पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली। विवादों में घिरी संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' को लेकर देशभर में मचा बवाल जारी है। फिल्म को लेकर बवाल कर रहे प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को हरियाणा के गुरुग्राम में जीडी गोयनका स्कूल की बस पर भी पथराव किया। बस में कई बच्चे और टीचर सवार थे। इस मामले में गुरुवार को पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया। इन लोगों को पुलिस ने सोहना कोर्ट में पेश किया, जहां से इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गौरतलब है कि बस जब बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रही थी, तो प्रदर्शनकारियों ने बस पर पथराव किया।

स्कूल स्टाफ ने बच्चों को बचाया
प्रदर्शनकारियों के इस हमले में बस के शीशे टूट गए थे। हालांकि स्कूल स्टाफ ने बच्चों को सुरक्षित बचा लिया था। बस पर हमले का वीडियो भी सामने आया था। वहीं, इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि यह चिंताजनक घटना है और मुझे भरोसा कि आज इस पूरे मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा। हमें ऐसी घटना का अंदेशा नहीं था।

करणी सेना पर भड़के केजरीवाल
स्कूली बच्चों पर पथराव को लेकर गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने करणी सेना की निंदा की। छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित बच्चों के एक कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस तरह के हमले सहन नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विरोध अपनी जगह है, लेकिन बच्चों को कोई छूए भी, ये बर्दाश्त नहीं होगा। केजरीवाल ने कहा कि बच्चों पर हमले की घटना की जानकारी होने पर मैं इतना परेशान हूं कि रातभर सो नहीं पाया हूं।

चार राज्यों में नहीं हुई रिलीज
गौरतलब है कि फिल्म के विरोध में देश के कई राज्यों में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कस्बों और शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। राजपूत समूह अभी भी फिल्म का कड़ा विरोध कर रहे हैं। विरोध के चलते गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गोवा में सिनेमाघर मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला किया है। पटना में भी फिल्म की रिलीज को रोक दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications