INX Media Case: पी चिदंबरम 14 दिन के लिए तिहाड़ जेल भेजे गए
Recommended Video
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया केस में गुरुवार को स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम को 14 दिन के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया है। रोज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को चिदंबरम के वकील की उनको सीबीआई कस्टडी में ही रखने या घर पर नजरबंद रखने की दलील ना मानते हुए 19 सितंबर तक के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया। आईएनएक्स मीडिया केस में गिरफ्तार पी चिदंबरम की सीबीआई रिमांड आज (5 सितंबर) खत्म हो गई थी, जिसके बाद उनको कोर्ट में पेश किया गया।

चिदंबरम की ओर से कोर्ट से जेल में अलग सेल में रखने की अपील की गई। रोज एवेन्यू कोर्ट ने इसे मानते हुए चिंदबरम को अलग सेल मुहैया कराने और विशेष सुरक्षा का आदेश दिया। साथ ही कोर्ट ने कहा कि चिदंबरम के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उनको नियमित तौर पर जेल में दवाईयां दी जाएं। उनको सेल में वेस्टर्न टॉयलेट भी उपलब्ध कराया जाएगा। आईएनएक्स मीडिया केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चिदंबरम 15 दिन से सीबीआई हिरासत में थे। चिदंबरम को 21 अगस्त को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।
राउज एवेन्यू कोर्ट में चिदंबरम के वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट से कहा कि उनके मुवक्किल ईडी के सामने सरेंडर के लिए तैयार हैं। सिब्बल ने कोर्ट से कहा कि उनके मुवक्किल को न्यायिक हिरासत में जेल नहीं भेजा जाना चाहिए। कपिल सिब्बल ने न्यायिक हिरासत का विरोध करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल पर जांच को प्रभावित करने या उसमें किसी तरह की बाधा उत्पन्न करने का कोई आरोप नहीं है।
चिदंबरम ने प्रवर्तन निदेशालय के सामने सरेंडर करने के लिए भी अदालत में याचिका दाखिल की। कोर्ट ने इस मामले में ईडी को नोटिस जारी किया है। चिदंबरम की इस याचिका पर अब 12 सितंबर को सुनवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications