पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ 'आपत्तिजनक' किताब लिखने का मामला, वसीम रिजवी की गिरफ्तारी चाहते हैं ओवैसी
हैदराबाद, 17 नवंबर: एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रिजवी ने एक किताब लिखी है, जिसमें पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक बातें हैं। उन्होंने हैदराबाद पुलिस कमिश्नर से मिलकर उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की भी मांग की है। वसीम रिजवी ने हाल ही में खुद की हत्या तक की आशंका जताई है और ऐसा होने पर हिंदू रिवाज से अंतिम संस्कार करवाने की बात कही है। ओवैसी से पहले लखनऊ में भी मुस्लिम नेताओं ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा रखी है।

ओवैसी ने की वसीम रिजवी की गिरफ्तारी की मांग
हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी के खिलाफ बहुत ही गंभीर आरोप लगाया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा है कि 'आज हमने हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की है। यूपी शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी ने एक किताब लिखी है, जिसमें पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक बातें हैं। हमने गुजारिश की है कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो। कमिश्नर ने हमें आपराधिक केस करने का आश्वासन दिया है। हमें उम्मीद है कि उनको गिरफ्तार किया जाएगा।' ओवैसी से पहले उत्तर प्रदेश में भी रिजवी के खिलाफ कुछ मुस्लिम मौलानों ने लखनऊ के चौक पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा रखी है।

रिजवी पर इस्लाम के खिलाफ भावना भड़काने का आरोप
ओवैसी ने हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर को जो शिकायत की है, उसमें वसीम रिजवी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के मुताबिक 'हिंदी में लिखी गई किताब में पैगंबर मोहम्मद को बदनाम किया गया है और पैगंबर, इस्लाम धर्म और उसके मानने वालों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल की गई है। किताब की सामग्री और आपत्तिजनक बयान पैगंबर मोहम्मद को मानने वालों और इस्लाम को मानने वालों की धार्मिक भावना को भड़काने के मकसद से है। उनका बयान भारत के मुसलमानों के खिलाफ दुश्मनी पैदा करने के लिए भी है, जिसके परिणामस्वरूप शांति भंग होने की आशंका है।' आवेदन में रिजवी के खिलाफ आईपीसी की सख्त धाराएं लगाने की भी गुजारिश की गई है।

रिजवी के खिलाफ लखनऊ में भी हुई शिकायत
इससे पहले मंगलवार को लखनऊ में मजलिस ए उलमा ए हिंद के महासचिव मौलाना कल्बे जवाद, कुछ और मौलवियों को लेकर यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए आए थे। उन्होंने रिजवी पर कथित तौर पर इस्लाम, कुरान और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां और गतिविधियां करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। दरअसल, उन्होंने पैगंबर मोहम्मद पर हाल ही में एक किताब लिखी है, जिसको लेकर मुस्लिम धर्मगुरु और मुस्लिम समुदाय के लोग उनसे नाराज हो गए हैं। उनके खिलाफू यूपी समेत पूरे देश में प्रदर्शन हुए हैं। ये लोग उनकी किताब पर बैन लगाने की भी मांग कर रहे हैं।
Recommended Video
वसीम रिजवी का क्या कहना है ?
इस विवाद के बाद वसीम रिजवी ने एक वसीयतनामा लिखने का दावा किया है और अपनी हत्या तक की आशंका जताई है। उन्होंने यहां तक कहा है कि अगर उन्हें मार दिया जाता है और कब्रिस्तान में जगह नहीं मिलती, तो उनके शरीर को उनके एक हिंदू दोस्त को सौंप दिया जाए, जो हिंदू विधियों से उनका अंतिम संस्कार करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications