कोरोना वायरस: दिल्ली में N95 मास्क की भारी कमी, लोगों के लिए बढ़ा खतरा
नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच दिल्ली में एन95 मास्क की बिक्री काफी बढ़ गई है। जिससे ना केवल इसकी बाजार में कमी हो गई है बल्कि दाम में भी भारी इजाफा हो गया है। ये मास्क कई मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध ही नहीं है। हैरानी की बात तो ये है कि मास्क राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आसपास मौजूद स्टोर्स पर भी नहीं मिल रहे हैं। जहां कोरोना वायरस के संदिग्ध मामले आ रहे हैं और 6 लोगों को निगरानी में रखा गया है। वहीं 8 अन्य मरीजों के टेस्ट नेगेटिव पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

हालांकि कुछ मास्क कनॉट प्लेस में मिल रहे हैं, लेकिन वहां लोगों की लंबी कतारें भी हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मास्क की कमी को देखते हुए सरकार ने इसके निर्यात पर भी बैन लगा दिया है। एन95 मास्क को कोरोना वायरस से सुरक्षित रहने में कारगर माना जाता है। जिन दुकानों पर ये मास्क खत्म हो गया है, वहां दुकानदारों को इस बात का कोई अनुमान नहीं है कि उन्हें अगला स्टॉक कब मिलेगा।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर के मालिक का कहना है कि भारत में कोरोना वायरस के मामले आने के बाद इस मास्क की मांग तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा, 'हमने एक हफ्ते में करीब 10 हजार मास्क बेचे हैं। इनमें एन95 और सर्जिकल मास्क शामिल हैं। लेकिन एन95 मास्क अब खत्म हो गए हैं।' एक अन्य मेडिकल स्टोर मालिक का कहना है, '5 रुपये में मिलने वाले प्लेन मास्क को अब 10 रुपये में बेचा जा रहा है। हम एक एन95 मास्क 100 रुपये में खरीदते थे, जो अब हमें 150 रुपये में भी नहीं मिल रहा है।'
हालांकि जो लोग एन95 मास्क प्राप्त नहीं कर पा रहे वो रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन इस मामले में एक डॉक्टर का कहना है कि एक आम मास्क की सहायता से लोग चीनी वायरस से नहीं बच पाएंगे। केवल एन95 और एन99 जैसे विशेष मास्क की सहायता से ही लोग इस बीमारी से बच सकते हैं। ये दोनों मास्क भी अच्छे से बंधे होने चाहिए। मुंह और नाक अच्छे से ढंके होने चाहिए।
भारत के केरल राज्य में कोरोना वायरस के तीन मामलों की पुष्टि हो गई है। करीब 2 हजार लोगों को निगरानी में रखा गया है। जबकि हजारों लोगों की घरों पर भी जांच की जा रही है। केरल सरकार ने तीसरे मामले की पुष्टि होने के बाद राजकीय आपातकाल घोषित कर दिया है। वहीं अगर चीन की बात करें, जहां से ये वायरस फैलना शुरू हुआ था, वहां अब तक 425 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 64 लोगों की मौत अकेले सोमवार को ही हुई है। सोमवार को चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यहां अभी तक कोरोना वायरस के 20,400 मामलों की पुष्टि हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications