50,000 मेड इन इंडिया वेंटिलेटर में से अबतक 2923 बनकर तैयार, लाभार्थी राज्यों की पूरी लिस्ट देखिए
नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए जो पीएम केयर्स फंड के नाम से एक स्पेशल फंड की शुरुआत की थी, उसके सकारात्मक नतीजे सामने आने लगे हैं। इस फंड से 2,000 करोड़ रुपये की रकम सिर्फ देश में ही वेंटिलेटर बनाने के लिए जारी किए गए थे, जिसमें करीब एक-तिहाई वेंटिलेटर बनाने का काम इस महीने के अंत तक पूरा हो जाने की संभावना है। इनमें से 2,923 वेंटिलेटर तैयार भी हो चुके हैं और उन्हें राज्यों और संघ शासित प्रदेशों के सरकारी अस्पतालों को पहुंचाया भी जाने लगा है।

2,923 मेड इन इंडिया वेंटिलेटर बनकर तैयार
कोरोना वायरस से पैदा हुए हालात से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर पीएम केयर्स फंड की शुरुआत की गई थी, जिसमें देशवासियों ने दिल खोलकर दान दिया है। अब भारतवासियों को उस दान से हुए कार्य भी नजर आने लगे हैं। सबसे बड़ी सफलता वेंटिलेटर के मोर्चे पर हुई है, जिसमें भारत की स्थिति बहुत ही खराब थी, लेकिन इस फंड की वजह से उम्मीद की एक बड़ी किरण दिखाई देने लगी है और वह भी आत्मनिर्भरता के साथ। बता दें कि पीएम केयर्स फंड ने कोरोना से जारी जंग के मद्देनजर देश में ही वेंटिलेटर के निर्माण के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए थे, जिससे 50,000 मेड इन इंडिया वेंटिलेटर बनाए जाने थे। यह बहुत ही उत्साहजनक बात है कि इस फंड के बनाए जाने के कुछ ही महीनों के अंदर देश में ही 2,923 वेंटिलेटर तैयार भी हो चुके हैं।

अबतक किस राज्य को कितने वेंटिलेटर मिले ?
भारत में पीएम केयर्स फंड से आवंटित रकम से बनने वाले 50,000 में से अबतक जितने वेंटिलेटर तैयार हो चुके हैं, उनमें से 1340 वेंटिलेटर अलग-अलग राज्यों के सरकारी अस्पतालों को आवंटित भी किया जा चुका है। इसमें से राज्यों और संघ शासित प्रदेशों के अस्पतालों को जो वेंटिलेटर मुहैया कराए गए हैं, उनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र और दिल्ली का हिस्सा है, जो कोरोना वायरस से इस वक्त सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। राज्यों को अबतक भेजे गए वेंटिलेटरों की संख्या इस प्रकार है- महाराष्ट्र-275, दिल्ली-275, गुजरात-175, बिहार-100, कर्नाटक-90 और राजस्थान-75. जबकि इस महीने के अंत तक करीब 14,000 वेंटिलेटर और तैयार हो जाएंगे, जिन्हें फिर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेज दिया जाएगा।

ये कंपनियां बना रही हैं भारत में वेंटिलेटर
बता दें कि 50,000 वेंटिलेटरों में से 30,000 वेंटिलेटर अकेले भारत इलेक्ट्रोनिक्स लिमिटेड तैयार कर रहा है। जबकि, बाकी 20,000 में से अग्वा हेल्थकेयर (10,000), एएमटीजेड बेसिक (5650),एएमटीजेड हाई एंड (4000) और एलाइड मेडिकल (350) वेंटिलेटर बना रहा है। बता दें कि पीएम केयर फंड का गठन देश में पैदा होने वाले किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त फंड जुटाने के इरादे से किया गया है, जैसे कि वर्तमान में कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते देश को भुगतना पड़ रहा है। देश के प्रधानमंत्री पीएम केयर्स फंड के पदेन चेयरमैन होते हैं और रक्षामंत्री, गृहमंत्री और वित्त मंत्री इसके पदेन सदस्य होते हैं।

साढ़े चार लाख के करीब पहुंची कोरोना संक्रमण की संख्या
बता दें कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से ही बढ़ते जा रहे हैं। इसके मद्देनजर अमेरिका ने भी भारत को 200 वेंटिलेटर भेजे थे। लेकिन, जैसे-जैसे भारत में अपने वेंटिलेटर अस्पतालों में पहुंच जाएंगे कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में और धार मिलेगी। आज की तारीख में देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 4,40,215 तक पहुंच चुकी है, जिसमें 14,011 मरीजों की इसकी वजह से मौत हो चुकी है। राहत की बात ये है कि देश में 2,48,190 लोग इससे जंग जीतकर स्वस्थ भी हो चुके हैं और भारत में रिकवरी रेट तेजी से बढ़ती जा रही है।
{quiz_85}












Click it and Unblock the Notifications