CM योगी के ' यूपी केरल बन जाएगा ' वाले बयान के विरोध में विपक्ष के सांसदों ने लोकसभा से किया वॉकआउट
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में आज यानी कि शुक्रवार को विपक्ष ने सीएम योगी आदित्यनाथ के यूपी को केरल व बंगाल बनने के बयान को लेकर वॉकआउट किया। दरअसल, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने वोटरों को आगाह किया था कि यदि भाजपा यूपी की सत्ता से बाहर होती है तो उत्तर प्रदेश कश्मीर, केरल और बंगाल बन जाएगा। इसलिए विधानसभा चुनावों में कोई गलती न करें।

6 मिनट लंबे इस वीडियो में योगी आदित्याथ ने कहा कि जिन दंगाइयों पर अब तक लगाम लगी हुई थी वे अब अधीर हो रहे हैं और आतंकवादी बार-बार धमकियां दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने आगे कहा, 'मैं आपको कुछ बताना चाहता हूं जो मेरे दिल में है। पिछले 5 सालों में बहुत कुछ चमत्कारिक काम हुए खबरदार! चूक गए तो इन पांच वर्षों की मेहनत खराब हो जाएगी। उत्तर प्रदेश को कश्मीर, केरल और बंगाल बनने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।'
वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने योगी आदित्यनाथ के भाषण पर तंज कसते हुए कहा कि यदि ऐसा होता है तो देश की सबसे अधिक आबादी वाला राज्य सर्वश्रेष्ठ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण के साथ एक सामंजस्यपूर्ण समाज का आनंद लेगा।
लोकसभा सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर तिरुवनंतपुरम से ट्वीट कर कहा, 'अगर बीजेपी सत्ता में नहीं आई तो यूपी कश्मीर, बंगाल या केरल में बदल जाएगा, योगी आदित्यनाथ ने मतदाताओं को बताया है. यूपी इतना भाग्यशाली होना चाहिए !! कश्मीर की सुंदरता, बंगाल की संस्कृति और केरल की शिक्षा इस जगह के लिए चमत्कार करेगी।'












Click it and Unblock the Notifications