रक्षा मामलों की संसदीय समिति में उठी 'अग्निपथ' पर चर्चा की मांग, मना करने पर 3 सासंदों ने किया वॉकआउट
नई दिल्ली, 22 जुलाई: रक्षा मामलों की संसदीय समिति की शुक्रवार को हुई बैठक से विपक्ष दल के तीन सांसदों ने वॉकआउट कर दिया। शुक्रवार को रक्षा मामलों की संसदीय समिति की बैठक में 'अग्निपथ' योजना पर चर्चा की मांग स्वीकार नहीं किए जाने के बाद विपक्ष के तीन सदस्य इसका विरोध करते हुए बैठक से बाहर निकल गए। जुएल उरांव की अध्यक्षता वाली इस स्थायी समिति से वॉकआउट करने वालों सांसदों में बहुजन समाज पार्टी के सदस्य कुंवर दानिश अली और कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और उत्तम कुमार रेड्डी शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल, कुंवर दानिश अली और उत्तम कुमार रेड्डी ने बैठक में अग्निपथ योजना पर बहस की मांग कर रहे थे, लेकिन अध्यक्ष जुएल ओरांव ने कहा कि इस पर बहस की मांग संसद में कीजिए। इन सांसदों की तरफ से कहा गया कि संसद में सरकार इसकी अनुमति नहीं दे रही है। रक्षा मामलों की संसदीय समिति में अग्निपथ योजना से जुड़े वित्तीय प्रावधानों आदि की जानकारी दी जानी चाहिए।
इस पर समिति के अध्यक्ष ने कहा कि ये मुद्दा बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं है। सांसदों ने कहा कि इसे शामिल किया जाए। इस बैठक नहीं तो अगली बैठक के लिए इसे एजेंडे में शामिल किया जाए लेकिन अध्यक्ष इस बात के लिए तैयार नहीं हुए। लिहाज़ा केसी वेणुगोपाल, उत्तम कुमार रेड्डी और दानिश अली तीनों बैठक से वॉकआउट कर दिया।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट किया है कि हमने अध्यक्ष इस बात पर सफाई मांगी कि अग्निपथ योजना को लेकर रक्षा मामलों की संसदीय समिति को अंधेरे में क्यों रखा गया? इस योजना के वित्तीय प्रावधानों के मद्देनज़र इसके बजट को समिति की जानकारी में क्यों नहीं लाया गया? उन्होंने दावा किया कि समिति के अध्यक्ष ने इन सवालों को अनसुना कर दिया और योजना पर चर्चा नहीं की गई।
सरकार ने 14 जून को 'अग्निपथ' योजना की घोषणा की थी। योजना के तहत साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष तक की उम्र के युवाओं को चार साल के कार्यकाल के लिए सशस्त्र सेनाओं में शामिल किया जाएगा। इनमें से 25 प्रतिशत को बाद में नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications