Opinion Poll:आज हुए लोकसभा चुनाव तो OBC वोटर किसे बनाएंगे प्रधानमंत्री? सबसे ताजा सर्वे
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले इस महीने देश में तीन-तीन बड़े राजनीतिक फैसले लिए गए हैं। विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (I.N.D.I.A.) ने जातिगत जनगणना (caste census) का कार्ड चला है। वहीं केंद्र में बीजेपी की सरकार ने संसद से महिला आरक्षण बिल पास कराया है और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना लॉन्च की गई है।
यह तीनों ही विषय किसी न किसी रूप में ओबीसी वोट बैंक से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अचानक जातिगत जनगणना पर जोर देना शुरू कर दिया है। वहीं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत सामाजिक और पारंपरिक रूप से खास कारीगरी से जुड़े लोगों को विशेष सहायता देने की पहल की गई है। इनमें से अधिकतर ओबीसी जातियों के अलावा दलित और आदिवासी समुदाय शामिल हैं।

ओबीसी वोट बैंक को लुभाने में लगे हैं राजनीतिक गठबंधन
वहीं महिला आरक्षण विधेयक पर तो हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को छोड़कर सभी दलों ने आमतौर पर इसका समर्थन किया है, लेकिन इंडिया ब्लॉक के अलावा कुछ अन्य विपक्षी दलों और एनडीए की सहयोगी पार्टियों ने भी इसके अंदर भी खासकर ओबीसी की महिलाओं के लिए अलग से कोटा देने की मांग की है।
ओबीसी महिला और पुरुष वोटरों की राय में थोड़ा अंतर-सर्वे
इन सब राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने एक ताजा सर्वे किया है, जो सितंबर महीने में ही हुआ है। इसमें सिर्फ ओबीसी वोटरों से ही सवाल किया गया है कि अगर आज चुनाव हुए तो वे किस पार्टी या गठबंधन को वोट देंगे। इस सर्वे की खास बात ये है कि ओबीसी महिला और ओबीसी पुरुष वोटरों के अलग-अलग आंकड़े जुटाए गए हैं, जिसके नतीजे चौंकाने वाले रहे हैं।
ओबीसी पुरुष वोटरों में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए का जलवा-सर्वे
इस सर्वे के मुताबिक ओबीसी पुरुष वोटरों में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को विपक्षी गठबंधन की तुलना में कहीं भारी समर्थन मिल रहा है।
ओबीसी वोटर के पुरुष वोटर किसे बनाएंगे प्रधानमंत्री?
56% ओबीसी पुरुष वोटर एनडीए के साथ
31% ओबीसी पुरुष वोटर I.N.D.I.A.(विपक्षी गठबंधन)के पक्ष में
13% ओबीसी पुरुष वोटर अन्य दलों के साथ
ओबीसी महिला वोटरों का एनडीए के पक्ष में रुझान और ज्यादा-सर्वे
इस सर्वे का सबसे चौंकाने वाला परिणाम ये आया है कि ओवीसी महिला वोटरों का रुझान एनडीए की ओर ओबीसी पुरुष वोटरों के मुकाबले ज्यादा है। हालांकि, यह मार्जिन बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन फिर भी बहुत बड़ा सियासी संकेत दे रहा है।
ओबीसी महिला वोटर किसे बनाएंगी प्रधानमंत्री?
57% ओबीसी महिला वोटर एनडीए के साथ
30% ओबीसी महिला वोटर I.N.D.I.A.(विपक्षी गठबंधन)के पक्ष में
13% अन्य दलों के साथ
इस तरह से ओबीसी महिला वोटरों में भी एनडीए को विपक्षी गठबंधन की तुलना में 1% ज्यादा समर्थन मिलता नजर आ रहा है।
इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने यह ओपिनियन पोल देश के 543 लोकसभा चुनाव क्षेत्रों में से 84 संसदीय क्षेत्रों में किया है। हालांकि, अभी 2024 के लोकसभा चुनावों में कम से कम 6 महीने बाकी हैं और यह सर्वे सिर्फ ओबीसी मतदाताओं का आज का एक रुझान भर बता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications