Operation Sagar Bandhu: मुश्किल में घिरे पड़ोसी देश श्रीलंका के लिए 'संकट मोचन' बनी भारतीय सेना, भेजी ये मदद
Operation Sagar Bandhu: भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने एक बार फिर इंसानियत और मित्रता का परिचय देते हुए तेज और समन्वित मानवीय अभियान शुरू कर दिया है। 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत भारतीय सेना ने 2 नवंबर को विशेष रूप से प्रशिक्षित एक बड़ा दस्ता श्रीलंका भेजा है।
जिसमें मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिग्नल कोर की टीमें शामिल हैं। इसका उद्देश्य प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत पहुंचाना और लंबे समय तक सहायता सुनिश्चित करना है। आइए जानते हैं इस स्पेशल टीम में क्या-क्या है खास...

भारत की ओर से क्या भेजी जा रही मदद?
भारतीय सेना की मेडिकल यूनिट में Advanced Dressing Stations (ADS) और Mobile Surgical Teams (MST) शामिल हैं, जिन्हें अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर से लैस किया गया है। ये टीमें आपातकालीन स्थिति में बड़ी और छोटी दोनों तरह की सर्जरी करने में सक्षम हैं।
इसके अलावा, मेडिकल टीम के पास एक ऐसी सुविधा भी मौजूद है, जिसमें एक समय में 20-30 मरीजों को रखा और प्राथमिक/विशेष चिकित्सा दी जा सकती है। इस तरह प्रभावित लोगों के लिए तुरंत स्वास्थ्य सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
इंजीनियरिंग टीम कर रही बहाली का काम तेज
सेना की इंजीनियरिंग टीम प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं और बुनियादी ढांचे को बहाल करने में जुटी हुई है। टूटे हुए रास्ते, जलस्रोतों की मरम्मत, बिजली-पानी की आपूर्ति को सामान्य करने जैसे कार्यों पर फोकस किया जा रहा है।
सिग्नल कोर संभाल रहा है संचार तंत्र
सिग्नल कोर की विशेषज्ञ टीम राहत अभियान के दौरान संचार व्यवस्था को बिना रुकावट चलाए रखने की जिम्मेदारी संभाल रही है। यह टीम ऑपरेशन में शामिल सभी इकाइयों को आपस में जोड़ने और संकटग्रस्त क्षेत्रों तक सूचना पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है।
भारत-श्रीलंका की अटूट मित्रता
भारत और श्रीलंका के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सभ्यतागत रिश्ते सदियों पुराने हैं। इसी दोस्ती और विश्वास की भावना को ध्यान में रखते हुए भारत ने फिर एक बार यह साबित किया है कि श्रीलंका के कठिन समय में भारत हमेशा उसके साथ खड़ा रहेगा।
भारतीय सेना का यह राहत अभियान सिर्फ मानवीय सहायता ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों की भी मिसाल है। आने वाले दिनों में भारतीय सेना प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति को स्थिर करने और सामान्य जीवन बहाल करने के लिए हर संभव मदद जारी रखेगी।












Click it and Unblock the Notifications