अब सिर्फ 2 लाख रुपए में खोलिये सरकारी मेडिकल स्टोर, सरकार करेगी मदद
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लोगों को व्यापार में मदद करने के लिए एक विशेष योजना की शुरुआत की है। केंद्र सरकार अब गरीबों की मेडिकल स्टोर खोलने में भी मदद करेगी। इसके लिए अगर आप के पास दो लाख रुपए हैं तो सरकार आपको मेडिकल स्टोर खोलने के लिए बाकी की आर्थिक मदद करेगी।

केंद्र सरकार ने जन औषधि नाम की योजना की शुरुआत की है जिसके अंतर्गत आप दो लाख रुपए में सरकारी मेडिल स्टोर खोल सकते हैं। सरकार देशभर में जेनरिक दवाओं को बढ़ावा देना चाहती है। इसके लिए देशभर में ज्यादा से ज्यादा जेनरिक दवाओं का मेडिकल स्टोर खोलने की सरकार ने नयी योजना शुरु की है।
सरकार जेनरिक दवाओं को बढ़ावा देने के लिए तीन हजार मेडिकल स्टोर खोलने की योजना बना रही है। ऐसे में आपको इन स्टोर्स से दवायें ब्रांडेड दवाओं की अपेक्षा कहीं सस्ती मिलेंगी। इन मेडिकल स्टोर पर दवा की आपूर्ती भी सरकार की ओर से की जाएगी। वहीं दवाओं पर दुकान खोलने वाले को 16 फीसदी का कमीशन भी मिलेगा।
इस योजना के तहत आपको तकड़ी राशि का इंतजाम नहीं करना होता है। महज दो लाख रुपए के निवेश से आप यह मेडिकल स्टोर खोल सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ एक दुकान लेनी होगी और उसके भीतर थोड़ा-बहुत इंटीरियर कराने के साथ कम्प्यूटर, बिल प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्शन और रेफ्रिजरेटर का इंतजाम करना पड़ेगा।
सरकार इन मेडिकल स्टोर्स को खोलने के लिए 2.5 लाख रुपए तक की आर्थिक मदद भी मुहैया करा रही है। वहीं इसके अलावा सरकार ने हर महीने दस हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी देने की योजना की शुरुआत की है। हालांकि जन औषधि योजना से पहले यह योजना सिर्फ कुछ सरकारी संस्थाओ तक ही सीमित थी। लेकिन सरकार की इस योजना के बाद अब कोई भी फार्मिस्सट या डॉक्टर भी जन औषधि स्टोर खोल सकते हैं।
हालांकि जेनरिक दवाओं की आपूर्ती अभी भी बेहतर तरीके से नहीं हो पा रही है। जिसके चलते यह योजना सफलता नहीं प्राप्त कर पा रही है। अभी तक कुल 157 मेडिकल स्टोर खोले जा चुके हैं। सरकार ने इस योजना को सफल बनाने के लिए अगले तीन साल में इन मेडिकल स्टोर्स की संख्या को तीन हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।












Click it and Unblock the Notifications