'9 महीने में तो बच्चा पैदा हो जाता है मोदी जी लेकिन आपने क्या किया'
पटना। एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। बीजेपी का विरोध करते-करते एक बार फिर से मांझी की जुबान अमर्यादित हो गई है। नरेन्द्र मोदी और बीजेपी की बुराई करने वाले मांझी ने कहा कि वो 20 तारीख को पीएम मोदी से मिलने वाले हैं और मिलते ही वो उनसे पूछेंगे कि नौ महीने में तो बच्चा पैदा हो जाता है। आपको पीएम बने तो आठ महीना हो गया, आपने क्या किया।
अपनी पीठ ठोंकते हुए मांझी ने कहा कि मोदी को गुजरात का विकास करने में 13 साल लगे मुझे अगर सिर्फ 13 महीने ही मिल जाये तो मैं दावा करता हूं कि बिहार में भी गुजरात से ज्यादा विकास होगा और वे बिहार को अव्वल राज्य बना देंगे।मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने ये बातें बुधवार को मोहड़ा प्रखंड में आयोजित तपोवन महोत्सव में कहीं। यही नहीं मांझी ने तो यह भी कहा कि अगर बिहार में काम करने के लिए उन्हें तीन वर्ष मिल जाए तो बिहार को देश ही नहीं विश्व के मानचित्र पर ले आएंगे।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब मांझी ने इस तरह की बयानबाजी की है, अपने बयानों की वजह से वो ना केवल विरोधियों के बल्कि खुद की ही पार्टी में आलोचना का केन्द्र बने हुए हैं इसलिए ही मीडिया में ऐसी खबरे हैं कि मांझी को बहुत जल्द सीएम की कुर्सी से हटाया जा सकता है।













Click it and Unblock the Notifications