नोटबंदी का एक साल: 12 बजते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरबीआई ऑफिस पर शुरू की नारेबाजी
नई दिल्ली। नोटबंदी का एक साल पूरा होने पर इसे काला दिवस की तरह से मनाने के लिए रात के 12 बजे ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के दफ्तर के सामने जुट गए हैं। ये कार्यकर्ता नोटबंदी के विरोध में नारे लिखी तख्तियां हाथ में लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। नोटबंदी को 8 नवंबर को एक साल हो गया है। नोटबंदी को लकेर सत्ता और विपक्ष के बीच जोरदार बयानबाजी देखने को मिल रही है। भारतीय जनता पार्टी नोटबंदी की पहली सालगिरह को एंटी ब्लैक डे के रूप में मना रही है तो कांग्रेस ने इस दिन को ब्लैक डे मनाने का ऐलान किया हुआ है।

नोटबंदी की पहली सालगिरह के मौके पर भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता अलग-अलग शहरों में मीडिया से बातचीत करेंगे, जिसमें कई मंत्री, सांसद, विधायक शामिल होंगे। वित्त मंत्री अरुण जेटली इस दौरान देश की राजधानी में तमाम पत्रकारों से बातचीत करेंगे। वहीं कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद व बिहार के उपमुख्यंमत्री सुशील मोदी भोपाल व पटना में नोटबंदी पर बात करेंगे। 8 नवंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनंद कुमार, निर्मला सीतारमण, मुख्तार अब्बास नकवी, सुरेश प्रभु, स्मृति ईरानी मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ में नोटबंदी पर बात करेंगे। प्रकाश जावड़ेकर बेंगलुरू में मीडिया से बात करेंगे तो पीयूष गोयल अहमदाबाद में इस मौके पर लोगों से बात करेंगे। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर नोटबंदी के विरोध करने का ऐलान किया हुआ है। कांग्रेस ने नोटबंदी को अर्थव्यवस्था के लिए काला अध्याय और एक संगठित लूट बताया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी नोटबंदी के फैसले पर मोदी सरकार की लगातार आलोचना कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications