'वन नेशन वन इलेक्शन' कमेटी की दिल्ली में आज पहली बैठक, आगे के रोडमैप पर होगी चर्चा
One Nation, One Election First committee meeting: 'वन नेशन वन इलेक्शन' यानी एक-देश, एक चुनाव, समिति की दिल्ली में आज पहली आधिकारिक बैठक होने वाली है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में आगे के रौडमैप पर चर्चा की जा सकती है।
16 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा था, ''वन नेशन वन इलेक्शन' को लेकर पहली बैठक 23 सितंबर को होगी।" केंद्रीय कानून मंत्रालय ने पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली समिति में आठ सदस्यों को नामित किया था।

कौन-कौन हैं 'वन नेशन वन इलेक्शन' कमेटी के सदस्य?
इस कमेटी की अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद करेंगे और इसमें गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में विपक्ष के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद और वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, पूर्व लोकसभा महासचिव सुभाष सी कश्यप, वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे और पूर्व चीफ विजिलेंस ऑफिसर संजय कोठारी सदस्य हैं। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में समिति की हर बैठक में हिस्सा लेंगे। वहीं कानूनी मामलों के सचिव नितेन चंद्रा पैनल के सचिव होंगे।
क्या है 'वन नेशन वन इलेक्शन' कमेटी का काम?
'वन नेशन वन इलेक्शन' की ये समिति लोकसभा, विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के एक साथ चुनाव के मुद्दे की जांच करेगी। ये कमेटी इस बात पर विचार करेगी कि पूरे देश में एक साथ चुनाव कैसे कराए जाएं और अगर चुनाव कराए जाए, तो ये कैसे संभव है।
यह इस बात की भी जांच करेगा और सिफारिश करेगा कि क्या संविधान में संशोधन के लिए राज्यों द्वारा अनुसमर्थन की आवश्यकता होगी या नहीं। ये समिति त्रिशंकु सदन, अविश्वास प्रस्ताव या दलबदल या एक साथ चुनाव के मामले पर भी विश्लेषण और संभावित समाधान सुझाएगी।












Click it and Unblock the Notifications