ओमिक्रॉन वैरिएंट कितना खतरनाक है? EMA ने दी राहत भरी खबर
नई दिल्ली, 09 दिसंबर: यूरोपियन मेडिसिन एजेंसी (ईएमए) ने गुरुवार को कहा कि कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले अब तक के मामले ज्यादातर हल्के साबित हुए हैं, लेकिन अभी ये नहीं कहा जा सकता है यह खतरनाक नहीं है। लेकिन एजेंसी ने आगाह किया कि एक निश्चित निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए जांच अभी भी चल रही है। ईएमए में जैविक स्वास्थ्य खतरों और वैक्सीन रणनीति के प्रमुख मार्को कैवेलरी ने कहा कि पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका में पहली बार पाए गए ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण होने वाले कोरोना वायरस रोग की गंभीरता को निर्धारित करने के लिए अधिक डेटा की आवश्यकता है।

कैवेलरी ने कहा, अभी तक सामने आए अधिकतर मामले ज्यादातर हल्के ही देखने को मिले हैं। हम अभी सबूत जमा कर रहे हैं। इसके ज्यादातर मामले हल्की बीमारी वाले थे, लेकिन अभी यह स्पेक्ट्रम है या नहीं, इस बारे में निर्धारण करना बाकी है। एजेंसी ने जोर देकर कहा कि अत्यधिक खतरनाक डेल्टा वैरिएंट मुख्य चिंता का विषय बना रहना चाहिए। एजेंसी के पास स्वीकृत कोविड-19 टीकों की प्रभावशीलता का ओमिक्रॉन वैरिएंट के उपर प्रभाव का पर्याप्त डेटा नहीं है।
कैवेलरी ने कहा कि ओमिक्रॉन के खिलाफ टीकों ने कितनी अच्छी तरह काम किया, इस पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रभाव पर पर्याप्त डेटा नहीं है, इसलिए कुछ कहना ठीक नहीं होगा। हम इस संबंध में सबूत इकट्ठा करने के लिए प्रयास कर रहे हैं और कई प्रकार का अध्ययन हो रहा है। ईएमए ने अब तक फाइजर, मॉडर्ना, जॉनसन एंड जॉनसन और एस्ट्राजेनेका चार कोविड टीकों को मंजूरी दी है।
कैवेलरी ने कहा ओमिक्रॉन से होने वाली बीमारी की गंभीरता अब तक के सभी प्रकारों से अलग है, इसलिए अधिक डेटा चाहिए। अभी जो आंकड़ें सामने आए हैं उनसे स्पष्ट राय नहीं बनती है, इसलिए और अधिक डेटा का इंतजार है। पर्याप्त जानकारी मिलने के बाद ही अध्ययन संभव होगा और इस बारे में ठोस कहा जा सकेगा। ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर पिछले महीने से दुनिया भर में दहशत का माहौल है और इसके अत्यधिक संक्रामक होने की खबर से कई देशों ने सावधानी और सतर्कता बढ़ा दी है।
एजेंसी ने कहा कि, इस वेरिएंट से आशंका है कि यह बीमारी को बहुत तेजी से फैला कर, तीसरी लहर तक ला सकता है। वहीं, इस वेरिएंट पर टीकों के असर को लेकर भी जानकारी नहीं है। इधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि इस सप्ताह के शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि यह वास्तव में अधिक संक्रामक हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications