Omicron: तमिलनाडु, तेलंगाना, बंगाल में मिले नए केस, देश में संक्रमितों की संख्या हुई 73
नई दिल्ली, 16 दिसंबर। देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ने दहशत पैदा कर दी है, इसके केस अब बढ़ने लगे हैं। बुधवार को तमिलनाडु में भी ओमिक्रॉन का पहला केस सामने आया है। कल तीन राज्यों - तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में ओमिक्रॉन के केस मिले हैं , जिससे भारत में कुल ओमिक्रॉन की संख्या 73 हो गई है। बंगाल में तो सात साल के बच्चे में ओमिक्रॉन केस मिला है, वो हाल ही में अपने परिवार वालों के साथ अबू धाबी से भारत आया था।

जबकि तमिलनाडु में एक 47 वर्षीय व्यक्ति, जो कि हाल ही में अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ नाइजीरिया से इंडिया लौटा था, उसमें ओमिक्रॉन वेरिएंट पाया गया है। परिवार के बाकी सदस्य भी कोरोना संक्रमित निकले हैं लेकिन नया वेरिएंट उसी में मिला है, ये राज्य में नए वेरिएंट वाला पहला केस है। तो वहीं तेलंगाना में केन्या की एक 24 वर्षीय महिला और सोमालिया के एक 23 वर्षीय व्यक्ति में ओमिक्रॉन मिला है, ये दोनों 12 दिसंबर को हैदराबाद आए थे।
महाराष्ट्र और केरल में इस वेरिएंट के 4-4 नए मरीज
इससे पहले बुधवार को महाराष्ट्र और केरल में इस वेरिएंट के 4-4 नए मरीज मिले हैं। देश में अब तक ओमिक्रॉन के 70 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में मिले हैं, इस वक्त प्रदेश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 32 हो गई है। महाराष्ट्र सरकार ने जनवरी माह में ओमिक्रॉन के केस बढ़ने की आशंका जताई है।

आरटी-पीसीआर परीक्षण की प्री-बुकिंग
ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रकोप के देखते हुए सरकार ने 20 दिसंबर से भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की है। जिसके मुताबिक 'जोखिम वाले' देशों से आने वाले यात्रियों को अब आरटी-पीसीआर परीक्षण की प्री-बुकिंग करवानी होगी। इस बारे में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। ये प्री-बुकिंग टेस्ट छह प्रमुख हवाई अड्डों- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में होगा लेकिन अगर कोई व्यक्ति इसे कर पाने में असमर्थ है तो उसे यात्रा करने से रोका नहीं जाएगा।

ये हैं जोखिम वाले देश
यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, तंजानिया, हांगकांग, चीन, घाना, मॉरीशस, न्यूजीलैंड और इज़राइल












Click it and Unblock the Notifications