भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भड़के CM उमर अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर के किसानों के लिए जताई चिंता
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के स्कॉस्ट (SKUAST) शालीमार में 11वें गोंगुल कृषि मेले का उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय आयोजन में मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि राज्य सरकार का प्राथमिक लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि पशुपालन, मछली पालन, डेयरी और विशेष रूप से जैविक खेती के माध्यम से किसानों की आय को दोगुना करने के लिए कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस मेले के माध्यम से लाखों किसानों को आधुनिक तकनीक और जैविक समाधानों से जोड़ा जाएगा।
मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए इसे स्थानीय किसानों के लिए नुकसानदेह बताया। उन्होंने कहा कि देश के बाकी हिस्सों को इस डील से क्या लाभ होगा यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन कश्मीर के फल उत्पादकों के लिए यह एक 'भयानक मज़ाक' जैसा है। खासकर बादाम, अखरोट और सेब जैसे उत्पादों पर ड्यूटी खत्म करने के केंद्र के फैसले ने घाटी के कृषि क्षेत्र में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।

उमर अब्दुल्ला ने किसानों को आगाह किया कि अब उन्हें अमेरिकी गुणवत्ता और उन्नत तकनीक से सीधा मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर हम अपनी खेती में नए आविष्कार और नवाचार नहीं लाएंगे, तो विदेशी उत्पाद हमारे बाजार पर कब्जा कर लेंगे।
हालांकि, उन्होंने स्कॉस्ट कश्मीर (SKUAST Kashmir) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, जिससे उन्हें इस वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिकने में मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications