Odisha: संबलपुर में हनुमान जयंती रैली के दौरान भड़की हिंसा, 10 पुलिसकर्मी घायल, इंटरनेट सेवा बंद
Odisha के Sambalpur में हिंदू संगठनों की ओर से हनुमान जयंती पर रैली का आयोजन किया गया था। जिसमें जमकर हिंसा हुई। घटना के बाद इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया।

ओडिशा के संबलपुर में बुधवार को हनुमान जयंती के अवसर पर मोटरसाइकिल रैली निकाली गई थी। जिसमें हिंसा भड़क गई। इस घटना में कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिसमें एक महिला भी शामिल है। घटना के तुरंत बाद संबलपुर जिले के 6 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी गई।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक आसपास के इलाकों में भारी पुलिसबल की तैनाती की गई है। साथ ही उपद्रवियों की पहचान की जा रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा पर भी बैन लगा दिया गया है, ताकि अफवाह फैलने से रोका जा सके।
जानकारी के मुताबिक ओडिशा में महा विशुवा संक्रांति नाम का पर्व मनाया जाता है। ये पर्व इस साल 14 अप्रैल को पड़ रहा, जबकि 6 अप्रैल को हनुमान जयंती थी। दोनों पर्वों को लेकर ये बाइक रैली निकाली गई थी। जिसमें हिंसा भड़की। इस दौरान उपद्रवियों ने एक अस्थायी दुकान और कई दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद रैली पर पत्थरबाजी की।
एडिशनल एसपी तपन के मोहंती के मुताबिक रैली में 1000 के करीब लोग थे। घटना की जानकारी मिलते ही शहर के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बल की तैनाती की गई। वहीं जब उनसे घायलों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जांच चल रही। अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक भूदापारा और सुनापली से जब रैली गुजरी तो अराजक तत्वों ने उस पर पथराव कर दिया। इसके बाद उन्होंने लोगों को पकड़कर पीटा, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं जिन पुलिसकर्मियों को चोट आई है, उनका इलाज करवाया जा रहा।
प्रशासन ने पहले ही की थी शांति की अपील
कुछ दिनों पहले ही प्रशासन ने सभी समुदायों को साथ लेकर बैठक की थी, जिसमें सभी से शांति बनाए रखने की अपील की गई। हालांकि उपद्रवियों ने सभी तैयारियों को ठेंगा दिखा दिया। फिलहाल पुलिस की टीमें उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहीं।












Click it and Unblock the Notifications